नालंदा News: पूर्व विधायक पप्पू खान पर 25 हजार का इनाम, जमीन धोखाधड़ी मामले में पुलिस ने तेज की कार्रवाई
नालंदा | KOSI LIVE
जमीन धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज तैयार कर जबरन कब्जा करने और रंगदारी के मामले में फरार चल रहे बिहारशरीफ के पूर्व विधायक नौशादुन नबी उर्फ पप्पू खान के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस मुख्यालय, बिहार ने उनकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है। इस मामले में उनकी पत्नी आफरीन सुल्ताना भी नामजद हैं और दोनों लंबे समय से फरार बताए जा रहे हैं।
पत्नी के नाम फर्जी रजिस्ट्री कराने का आरोप
यह मामला वेना थाना कांड संख्या 544/2023 से जुड़ा है। आरोप है कि पूर्व विधायक ने आपराधिक षड्यंत्र रचकर फर्जी दस्तावेज तैयार कराए और दूसरे की जमीन अपनी पत्नी आफरीन सुल्ताना के नाम रजिस्ट्री करा ली। इसके बाद जमीन पर जबरन कब्जा करने का भी प्रयास किया गया।
पुलिस के अनुसार मामले में जालसाजी और रंगदारी से जुड़े आरोपों के बाद अदालत ने दोनों के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है।
हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत
गिरफ्तारी से बचने के लिए पूर्व विधायक और उनकी पत्नी ने पटना हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत की याचिका दायर की थी। हालांकि, तीन अलग-अलग अदालतों में सुनवाई के बावजूद उन्हें अब तक जमानत नहीं मिली है।
इधर, नालंदा पुलिस ने उनके घर की जब्ती-कुर्की की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस न्यायालय के अंतिम आदेश का इंतजार कर रही है।
25 हजार के इनाम का ऐलान
वेना थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पूर्व विधायक पप्पू खान की गिरफ्तारी या उनके संबंध में ठोस सूचना देने वाले को 25 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
लगातार चल रही छापेमारी
पुलिस ने बताया कि 23 अप्रैल को डीएसपी संजय कुमार जायसवाल के नेतृत्व में विशेष टीम ने पूर्व विधायक के आवास पर छापेमारी की थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बच निकले थे। इसके बाद से उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।