Samastipur News: लड़की से अभद्रता मामले में प्रशासन का बड़ा एक्शन, चार आरोपी गिरफ्तार; अतिक्रमण हटाया, PDS लाइसेंस निलंबित
समस्तीपुर | KOSI LIVE
समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में लड़की के साथ अभद्र व्यवहार से जुड़े वायरल वीडियो मामले में अब प्रशासनिक कार्रवाई भी तेज हो गई है। पुलिस द्वारा चार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को प्रशासन की टीम ने आरोपियों के घरों और दुकानों के आसपास अतिक्रमण की जांच की और सड़क किनारे किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटाया।
चाय दुकान पर चला बुलडोजर
प्रशासन ने जगतसिंहपुर गांव निवासी महेश्वर सहनी के पुत्र रामबाबू सहनी की सड़क किनारे बनी चाय दुकान को अतिक्रमण बताते हुए हटवा दिया। अधिकारियों के मुताबिक यह दुकान सड़क की भूमि पर बनाई गई थी। इसके अलावा अन्य आरोपियों के ठिकानों की भी जांच की गई।
प्रशासन ने बताया कि एक आरोपी के पक्के मकान को लेकर भी अतिक्रमण का नोटिस जारी किया गया है। गैरमजरुआ जमीन पर बने अस्थायी अतिक्रमण को मौके पर हटाया गया, जबकि पक्की संरचना के मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
चार आरोपी गिरफ्तार
कर्पूरीग्राम थाना पुलिस ने वायरल वीडियो मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल हैं—
* विकास कुमार, पिता रामसुंदर शर्मा, निवासी जगतसिंहपुर
* राहुल कुमार, पिता अरुण पासवान, निवासी जगतसिंहपुर
* रामबाबू सहनी, पिता महेश्वर सहनी, निवासी जगतसिंहपुर
* अवधेश पासवान, पिता नेवालाल पासवान, निवासी बिजौलिया
PDS लाइसेंस भी निलंबित
प्रशासन ने बिजौलिया गांव निवासी आरोपी अवधेश पासवान की जनवितरण प्रणाली (PDS) दुकान का लाइसेंस भी निलंबित कर दिया है।
एसडीओ राकेश कुमार ने बताया कि आरोपियों के कब्जे वाली गैरमजरुआ जमीन से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया है। वहीं पक्के निर्माण के लिए नियमानुसार नोटिस जारी किया गया है और संबंधित जविप्र विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई
बताया गया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें कुछ युवक एक लड़की के साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और जांच के आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अब मामले में पुलिस और प्रशासन दोनों स्तरों पर आगे की कार्रवाई जारी है।