Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बारिश बनी आफत, सड़क पर गिरा विशाल जंगली जलेबी का पेड़; 1 किलोमीटर तक लगा जाम - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, September 25, 2026

BIHAR:बारिश बनी आफत, सड़क पर गिरा विशाल जंगली जलेबी का पेड़; 1 किलोमीटर तक लगा जाम

बिरौल में बारिश बनी आफत, सड़क पर गिरा विशाल जंगली जलेबी का पेड़; 1 किलोमीटर तक लगा जाम

दरभंगा | KOSI LIVE

बिरौल प्रखंड में लगातार हो रही बारिश अब लोगों के लिए परेशानी का कारण बनने लगी है। शुक्रवार को सुपौल-दरभंगा मुख्य पथ पर सिसौनी चौक के पास बारिश के कारण सड़क किनारे लगा जंगली जलेबी का एक विशाल पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरते ही मुख्य मार्ग पर दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।

घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे की बताई जा रही है। विशाल पेड़ ने पूरी सड़क को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण कुछ ही देर में दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतार लग गई। बस, ट्रक, टेंपो, ऑटो और बाइक समेत कई वाहन जाम में फंस गए। बताया गया कि दोनों ओर करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबी वाहनों की कतार लग गई।

सुपौल से दरभंगा और दरभंगा से सुपौल जाने वाले सैकड़ों यात्री काफी देर तक रास्ते में फंसे रहे। जाम के कारण बस और टेंपो में सवार यात्रियों के अलावा स्कूली बच्चों और मरीजों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

ग्रामीणों ने पहले ही जताई थी पेड़ गिरने की आशंका

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क किनारे लगा यह पेड़ काफी पुराना और कमजोर हो चुका था। बारिश के दौरान इसके गिरने की आशंका पहले से जताई जा रही थी। आखिरकार शुक्रवार को पेड़ अचानक मुख्य सड़क पर गिर गया और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

टेंपो निकालने के दौरान सड़क पर गिरी महिला यात्री

जाम के दौरान एक टेंपो चालक ने सड़क किनारे से वाहन निकालकर आगे बढ़ने की कोशिश की। लगातार बारिश के कारण सड़क का किनारा कीचड़ में तब्दील हो गया था। इसी दौरान टेंपो का पहिया कीचड़ में फिसल गया और वाहन असंतुलित होकर पलटने से बच गया।

हादसे के दौरान टेंपो में सवार एक महिला यात्री नीचे गिर गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल महिला को उठाकर सड़क किनारे किया। राहत की बात रही कि महिला को गंभीर चोट नहीं लगी।

वन विभाग को दी गई सूचना

घटना की जानकारी मिलते ही बिरौल थाना पुलिस को इसकी सूचना दी गई। बिरौल थानाध्यक्ष चंद्रमणि ने बताया कि वन विभाग को तत्काल जानकारी दे दी गई है। स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को काटकर सड़क से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है।

सूखे पेड़ों को हटाने की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि मुख्य सड़क के किनारे कई ऐसे पेड़ हैं, जो बारिश और तेज हवा के दौरान खतरा बन सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे लगे सूखे, कमजोर और खराब पेड़ों का सर्वे कराकर उन्हें जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से यातायात बाधित होने और हादसों का खतरा कम किया जा सके।