Kosi Live-कोशी लाइव जमुई छेड़खानी कांड में 2 आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई, नंदन के पैर में लगी गोली; हरेराम का पैर टूटा - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 22, 2026

जमुई छेड़खानी कांड में 2 आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई, नंदन के पैर में लगी गोली; हरेराम का पैर टूटा

जमुई छेड़खानी कांड में 2 आरोपियों पर पुलिस की कार्रवाई, नंदन के पैर में लगी गोली; हरेराम का पैर टूटा

जमुई। बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा और उसके सहपाठी के साथ हुई बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों की तलाश के दौरान कुंदर बराज के पास पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान मुख्य आरोपी नंदन यादव के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथ भाग रहे हरेराम यादव का पैर टूट गया। दोनों को पुलिस अभिरक्षा में जमुई सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मंगलवार तड़के विशेष जांच दल (SIT) को सूचना मिली थी कि मामले का मुख्य आरोपी नंदन यादव कुंदर बराज इलाके में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देखकर आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर हमला किया। इसके बाद हुई जवाबी फायरिंग में नंदन के पैर में गोली लगी।

वहीं, भागने के दौरान हरेराम यादव गिर गया, जिससे उसका पैर टूट गया। दोनों को मौके से पकड़ने के बाद इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में सुरक्षा के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

अब तक 6 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें तीन आरोपियों को सोमवार को पकड़ा गया था। मंगलवार सुबह एक अन्य आरोपी रामाशीष मंडल को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद नंदन यादव और हरेराम यादव पर कार्रवाई हुई।

पुलिस के मुताबिक, नंदन यादव और हरेराम यादव दोनों बालिग हैं और प्रतापपुर गांव के रहने वाले हैं। दोनों के पेशे से ट्रैक्टर चालक होने की जानकारी सामने आई है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश में SIT की कार्रवाई जारी है।

19 सितंबर को हुई थी घटना

घटना 19 सितंबर की शाम करीब 7 बजे मड़वा पहाड़ के पास हुई थी। आरोप है कि मनचलों के एक समूह ने स्कूटी से जा रहे 10वीं कक्षा के नाबालिग छात्र और छात्रा को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद छात्रा के साथ बदसलूकी और छात्र के साथ मारपीट की गई।

घटना का वीडियो आरोपियों ने बनाया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पूरे जिले में आक्रोश फैल गया और पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी।

वायरल वीडियो से हुई आरोपियों की पहचान

पुलिस ने वायरल फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की। मामले में वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

प्रशासन ने लोगों से घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर नहीं करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसे वीडियो के प्रसार से पीड़िता और उसके परिवार पर मानसिक दबाव बढ़ सकता है।

डीएम ने वीडियो शेयर नहीं करने की अपील की

घटना और पुलिस कार्रवाई के बाद जिलाधिकारी नवीन तथा पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल सदर अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

डीएम ने लोगों से संयम बनाए रखने और पीड़िता की पहचान व गरिमा की रक्षा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ा आपत्तिजनक वीडियो किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर साझा नहीं किया जाना चाहिए।

डीएम ने यह भी कहा कि लोग अफवाहों और असत्यापित सूचनाओं से बचें। पुलिस कार्रवाई, गिरफ्तारियों और मुठभेड़ से संबंधित विस्तृत आधिकारिक जानकारी वरीय अधिकारियों की प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा की जाएगी।

पुलिस की कार्रवाई पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार

मुठभेड़ को लेकर पुलिस की कार्रवाई की विस्तृत आधिकारिक जानकारी अभी सामने आना बाकी है। अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।