अररिया में 52 ग्राम स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक-मोबाइल जब्त
अररिया। पलासी थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 52 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही पल्सर बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जोकीहाट थाना क्षेत्र के भेलागंज हरदार निवासी मो. शाहनवाज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि बढोली से भटनियां जाने वाली पक्की सड़क से स्मैक की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर विशेष टीम गठित कर पुलिस को पुल के पास तैनात किया गया था।
इसी दौरान एक बाइक सवार वहां पहुंचा। पुलिस को देखते ही उसने बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसकी पैंट की बाईं जेब से एक उजले रंग का डिब्बा बरामद हुआ। डिब्बे के अंदर प्लास्टिक की पन्नी में 52 ग्राम स्मैक रखी मिली।
पुलिस ने पल्सर बाइक (BR 38 AF 7906) और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। मोबाइल की जांच के जरिए पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
आरोपी पर पहले से तीन मामले दर्ज
पुलिस के मुताबिक, मो. शाहनवाज के खिलाफ पहले से किशनगंज और जोकीहाट थानों में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तीन मामले दर्ज हैं। अब पलासी थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था। साथ ही तस्करी के संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
कार्रवाई में पलासी थाना प्रभारी सह पुलिस इंस्पेक्टर मिथिलेश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मिथुन कुमार शर्मा, रौशन कुमार, सिपाही कृष्ण कुमार, अमित कुमार और कन्हैया कुमार समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।