जमुई में चालक को बंधक बनाकर स्कॉर्पियो लूटने वाले गिरोह का 24 घंटे में खुलासा: 5 आरोपी गिरफ्तार, डेढ़ लाख में बेच दी थी गाड़ी
जमुई | कोशी लाइव
जमुई जिले के चंद्रमंडी थाना क्षेत्र की वटिया घाटी में चालक को बंधक बनाकर स्कॉर्पियो लूटने के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई स्कॉर्पियो, नकद रुपये और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।
मंगलवार को झाझा एसडीपीओ विकास केशव ने चंद्रमंडी थाना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 27 सितंबर की सुबह करीब छह बजे चार अपराधियों ने स्कॉर्पियो चालक के हाथ-पैर बांधकर उसे जंगल में छोड़ दिया था और वाहन लेकर फरार हो गए थे।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी जमुई के निर्देश पर एसडीपीओ विकास केशव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और लगातार छापेमारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरहट थाना क्षेत्र के भंदरा गांव से चार आरोपियों को दबोचा, जबकि पांचवें आरोपी को जमुई रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में भंदरा निवासी उदय कुमार पासवान, श्यामदेव कुमार मांझी और आतिश कुमार पासवान शामिल हैं। वहीं आयुष पासवान पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिले के कालीपहाड़ी थाना क्षेत्र स्थित डमरा कोलियरी का रहने वाला है, जो फिलहाल अपने ननिहाल भंदरा में रह रहा था। पांचवें आरोपी की पहचान बांका जिले के शंभुगंज थाना क्षेत्र के पौकरी गांव निवासी दिलखुश कुमार उर्फ भोला पासवान के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि उदय, आयुष, आतिश और श्यामदेव ने मिलकर लूटी गई स्कॉर्पियो को दिलखुश कुमार को डेढ़ लाख रुपये में बेच दिया था। दिलखुश ने वाहन को सुलतानगंज में छिपाकर रखा था, जहां पुलिस ने छापेमारी कर स्कॉर्पियो बरामद कर ली।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने स्कॉर्पियो संख्या JH15AK-1477, 86,450 रुपये नकद और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए। आतिश के पास से 42,450 रुपये, उदय के पास से 27 हजार रुपये और श्यामदेव के पास से 17 हजार रुपये बरामद हुए। आयुष और दिलखुश के पास से भी एक-एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।
एसडीपीओ विकास केशव ने बताया कि मामले में सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पूरे नेटवर्क की जांच भी जारी है, ताकि इस वारदात से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका का भी पता लगाया जा सके।