Kosi Live-कोशी लाइव CRIME: बेगूसराय में होटल में युवती से बेरहमी: मारपीट के बाद दुष्कर्म, नग्न वीडियो बनाकर किया वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, September 29, 2026

CRIME: बेगूसराय में होटल में युवती से बेरहमी: मारपीट के बाद दुष्कर्म, नग्न वीडियो बनाकर किया वायरल


बेगूसराय: जिले के नगर थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ होटल के कमरे में मारपीट, दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता के बयान पर नगर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार घटना 27 सितंबर की सुबह एनएच किनारे स्थित एक होटल में हुई। पीड़िता ने बताया कि वह घर से निकली थी, तभी उसकी पहचान का एक युवक बाइक से आया और उसे होटल ले गया। वहां पहुंचने के बाद उसने युवती को दूसरे युवक के हवाले कर दिया।

कमरे में बंद कर बेरहमी से पीटा

आरोप है कि भगवानपुर थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव निवासी युवक युवती को होटल के कमरे में ले गया और दरवाजा बंद कर दिया। इसके बाद उसने जूते-चप्पलों, लात-घूंसों और अन्य तरीके से उसकी बेरहमी से पिटाई की। पीड़िता लगातार रहम की गुहार लगाती रही, लेकिन आरोपी मारपीट करता रहा। आरोप है कि मारपीट के बाद युवती के साथ दुष्कर्म किया गया।

अश्लील वीडियो बनाकर किया वायरल

पीड़िता का आरोप है कि दुष्कर्म के बाद आरोपी ने उसकी नग्न अवस्था में वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना के बाद से पीड़िता थाने के चक्कर लगा रही थी। इसके बाद 28 सितंबर की देर रात नगर थाना में उसके आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हुई।

### पुलिस ने क्या कहा

नगर थानाध्यक्ष सतीश कुमार हिमांशु ने बताया कि होटल में युवती के साथ मारपीट की घटना हुई है और उसका वीडियो भी सामने आया है। पीड़िता के बयान के आधार पर एक आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।