### औरंगाबाद में XUV से 195.224 किलो गांजा बरामद: NH-139 पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 182 पैकेट में छिपाकर ले जाई जा रही थी खेप
औरंगाबाद: बिहार के औरंगाबाद जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक XUV वाहन से 195.224 किलो गांजा बरामद किया है। यह कार्रवाई रिसियप थाना क्षेत्र के बभंडीह स्थित पंचदेव धाम गौशाला के सामने NH-139 पर की गई। गांजा को 182 अलग-अलग पैकेट में छिपाकर रखा गया था। पुलिस का पीछा करते देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
गुप्त सूचना के बाद बिछाया गया जाल
उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि झारखंड की ओर से एक XUV वाहन में मादक पदार्थों की बड़ी खेप औरंगाबाद लाई जा रही है। सूचना मिलते ही जिले में अलग-अलग टीमों को सक्रिय कर संदिग्ध वाहनों की निगरानी शुरू कर दी गई।
इसी दौरान सहायक उत्पाद अवर निरीक्षक गोविंद कुमार के नेतृत्व में टीम को एक संदिग्ध XUV दिखाई दी। टीम ने वाहन का पीछा शुरू किया तो चालक घबरा गया और कुछ दूरी पर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तलाशी में मिला 182 पैकेट गांजा
वाहन को कब्जे में लेने के बाद जब उसकी तलाशी ली गई तो अंदर 182 पैकेट गांजा बरामद हुए। प्रारंभिक तौर पर प्रत्येक पैकेट का वजन करीब एक किलो माना गया, लेकिन उत्पाद विभाग कार्यालय में दोबारा वजन कराने पर कुल वजन 195.224 किलो निकला।
बरामद गांजा को तस्करों ने वाहन के भीतर इस तरह छिपाकर रखा था कि पहली नजर में उसका पता लगाना मुश्किल था।
सीओ की मौजूदगी में हुई पूरी कार्रवाई
गांजा बरामद होने के बाद उत्पाद विभाग ने कुटुंबा अंचल के अंचलाधिकारी चंद्र प्रकाश को सूचना दी। सीओ मौके पर पहुंचे और उनकी मौजूदगी में पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी कराई गई। इसके बाद गांजा लदे XUV वाहन को जब्त कर पड़रावा स्थित उत्पाद विभाग कार्यालय भेज दिया गया, जहां जब्ती सूची तैयार की गई।
### वाहन मालिक और तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू
उत्पाद विभाग अब वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान करने में जुटा है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
अधिकारियों के अनुसार, फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर इस अवैध तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
कोशी लाइव की रिपोर्ट