पूर्णिया में चोरी-छिनतई के 4 मामलों का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार; मोबाइल, जेवर और सामान बरामद
पूर्णिया। पूर्णिया पुलिस ने चोरी और छिनतई की अलग-अलग घटनाओं का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पिछले दो दिनों में सदर थाना और के. हाट थाना क्षेत्र में हुई 4 अलग-अलग घटनाओं की जांच के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान चोरी के मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, बर्तन, मूर्ति समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
सदर एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देशन में जिले में लगातार गश्ती, वाहन जांच और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान सदर थाना क्षेत्र के दो और के. हाट थाना क्षेत्र के दो मामलों का उद्भेदन किया गया है।
हांसदा गुलाबबाग में घर चोरी का खुलासा, दो सगे भाई गिरफ्तार
सदर थाना क्षेत्र के हांसदा गुलाबबाग में 30 अगस्त को हुई घर में चोरी के मामले में पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कृष्णा कुमार और चेतन कुमार के रूप में हुई है। दोनों सदर थाना क्षेत्र के सिंघिया बस्ती के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का सोने जैसा हार, चेन, गणेश जी की मूर्ति, कान की बाली, कड़ा, झुमका, चांदी की अंगूठी, पीतल और कांसा के बर्तन, घंटी, आयरन और मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया है।
कृष्णा के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज
पुलिस जांच में गिरफ्तार कृष्णा कुमार का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, कृष्णा के खिलाफ सदर थाना क्षेत्र में तीन मामले पहले से दर्ज हैं। इसके अलावा एक मामला बायसी थाना क्षेत्र में भी दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस ने उसके खिलाफ शराब तस्करी से जुड़े मामले की भी पुष्टि की है।
पूर्णिया जंक्शन पर मोबाइल छिनतई करते दो गिरफ्तार
सदर थाना की रात्रि गश्ती टीम ने पूर्णिया जंक्शन के पास मोबाइल छिनतई के मामले में दो आरोपियों को रंगेहाथ पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अररिया जिले के जोकीहाट निवासी प्रकाश कुमार साह और कटिहार जिले के सेमापुर निवासी मो. इस्ताक मंसूरी के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के पास से चोरी के दो स्मार्टफोन बरामद किए हैं। पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे पहले भी इस तरह की घटनाओं में शामिल रहे हैं या नहीं।
डीआईजी चौक पर मोबाइल छिनतई, बाइक समेत दो बदमाश गिरफ्तार
के. हाट थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने मोबाइल छिनतई की घटना का खुलासा किया है। मामला डीआईजी चौक के पास का है, जहां 28 अगस्त को KTM बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यक्ति से मोबाइल छीन लिया था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय राजेश कुमार और 24 वर्षीय रमन कुमार के रूप में हुई है। दोनों मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-09 स्थित बिंद टोली के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई KTM बाइक को भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों से पूछताछ कर पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जानकारी जुटा रही है।
टोटो चोरी मामले में आरोपी गिरफ्तार
के. हाट थाना क्षेत्र में टोटो चोरी के मामले का भी पुलिस ने उद्भेदन किया है। पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी स्मैक का आदी रहा है और पूर्व में नशा मुक्ति केंद्र से इलाज के बाद वापस लौटा था। पुलिस टोटो चोरी की घटना में उसकी भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस खंगाल रही आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
सदर एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि चोरी और छिनतई की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से लगातार गश्ती और छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन घटनाओं के अलावा वे किसी अन्य वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है और सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।