तेज रफ्तार कार ने स्कूटी में मारी टक्कर, दो छात्राओं की मौत; तीसरी गंभीर, दो हिरासत में
संवाद सूत्र, कुचायकोट (गोपालगंज)। कॉलेज की पढ़ाई पूरी कर घर लौट रही तीन सहेलियों ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि घर पहुंचने से पहले ही उनकी जिंदगी ऐसा दर्दनाक मोड़ ले लेगी। सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज क्षेत्र में मंगलवार की शाम तेज रफ्तार कार की टक्कर से स्कूटी सवार दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि उनकी तीसरी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई।
मृत छात्राओं की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुखदेव पट्टी गांव निवासी ओमप्रकाश गिरी की पुत्री निशा गिरी और पड़ोसी बोध छापर गांव निवासी हरेंद्र ठाकुर की पुत्री अनामिका ठाकुर के रूप में हुई है। घायल छात्रा की पहचान तरेया सुजान थाना क्षेत्र के अहिरौली छपरा गांव निवासी अलीशा के रूप में हुई है। वह गंभीर हालत में इलाजरत है।
तीनों छात्राएं तमकुहीराज स्थित एक महाविद्यालय में बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही थीं।
कक्षा खत्म होने के बाद स्कूटी से लौट रही थीं घर
बताया जाता है कि मंगलवार को कॉलेज में कक्षा समाप्त होने के बाद निशा और अनामिका अपनी सहेली अलीशा के साथ स्कूटी से घर लौट रही थीं। इसी दौरान एनएच-27 पर माधोपुर गांव के समीप बाबा धाम की यात्रा से लौट रही तेज रफ्तार कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास के लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन निशा और अनामिका ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अलीशा की हालत गंभीर
हादसे में गंभीर रूप से घायल अलीशा को तत्काल तमकुहीराज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसका इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कार जब्त, गोरखपुर के दो लोग हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों छात्राओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर उसमें सवार दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों के गोरखपुर जिले के निवासी होने की बात सामने आई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
दो गांवों में पसरा मातम
हादसे की खबर जैसे ही सुखदेव पट्टी और बोध छापर गांव पहुंची, दोनों गांवों में मातम छा गया। बेटियों के घर लौटने का इंतजार कर रहे स्वजनों को उनकी मौत की खबर मिली तो परिवार में कोहराम मच गया। बदहवास स्वजन घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे।
पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने दोनों छात्राओं के शव उनके स्वजनों को सौंप दिए। एक ही हादसे में दो छात्राओं की मौत से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।