गंगा पुल पर उत्पाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 258 बोतल विदेशी शराब बरामद; दो तस्कर गिरफ्तार
आरा। उत्तर प्रदेश को बिहार से जोड़ने वाले शहर के गंगा पुल स्थित वीर कुंवर सिंह (VKS) चेकपोस्ट पर उत्पाद पुलिस ने वाहन जांच के दौरान शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने हरियाणा नंबर की लग्जरी होंडा अमेज कार से महंगे ब्रांड की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। शराब को कार के अंदर छिपाकर बिहार लाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो अंतरजिला शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। साथ ही शराब तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया गया।
कार की तलाशी में मिली 258 बोतल शराब
जानकारी के अनुसार, VKS चेकपोस्ट पर चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध होंडा अमेज कार दिखाई दी।
पुलिस ने कार को रोककर उसकी गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार में अलग-अलग जगह छिपाकर रखी गयी 258 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब की कुल मात्रा 193.500 लीटर है। इसकी अनुमानित कीमत करीब 2.5 लाख रुपये बतायी जा रही है।
रॉयल स्टैग और ब्लेंडर्स प्राइड समेत कई ब्रांड बरामद
तलाशी के दौरान बरामद शराब में कई महंगे ब्रांड शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इसमें रॉयल स्टैग व्हिस्की की 192 बोतल, ब्लेंडर्स प्राइड व्हिस्की की 36 बोतल और मैजिक मोमेंट्स की 30 बोतल शामिल हैं।
सभी बोतलें 750 एमएल की पैकिंग में थीं। उत्पाद पुलिस के मुताबिक बरामद शराब हरियाणा निर्मित है और इसे कार के जरिए बिहार लाया जा रहा था।
दो अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
कार में शराब की खेप के साथ मौजूद दो लोगों को पुलिस ने मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुपौल जिले के मरिचा थाना क्षेत्र के मोहनपुर बड़हरा निवासी सकलदेव मंडल के पुत्र गणेश कुमार मंडल और बेगूसराय जिले के बरौनी थाना क्षेत्र के पिपरा देवास निवासी स्व. संजल शर्मा के पुत्र सुजीत कुमार शर्मा के रूप में हुई है।
पुलिस दोनों से पूछताछ कर शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
किस जिले में पहुंचनी थी शराब? सिंडिकेट की तलाश
उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
अब जांच का मुख्य बिंदु यह है कि शराब की यह खेप उत्तर प्रदेश से बिहार के किस जिले में पहुंचायी जानी थी और इसके पीछे कौन लोग या बड़ा शराब सिंडिकेट सक्रिय है।
पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर शराब के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। साथ ही कार के मालिक और इस तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
चेकपोस्ट पर सख्ती से पकड़ी गयी शराब की खेप
उत्पाद पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। गंगा पुल स्थित चेकपोस्ट पर लगातार वाहन जांच के कारण तस्करी कर बिहार लायी जा रही शराब की खेप पकड़ी जा रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।