Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:चार महीने में बदली तस्वीर: निशांत कुमार के कामकाज की चर्चा, सोशल मीडिया पर आलोचना से तारीफ तक पहुंचा सफर - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 26, 2026

BIHAR:चार महीने में बदली तस्वीर: निशांत कुमार के कामकाज की चर्चा, सोशल मीडिया पर आलोचना से तारीफ तक पहुंचा सफर

चार महीने में बदली तस्वीर: निशांत कुमार के कामकाज की चर्चा, सोशल मीडिया पर आलोचना से तारीफ तक पहुंचा सफर

पटना। बिहार की राजनीति में जब बदलाव आया और नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया, तब सियासी गलियारों में यह चर्चा थी कि उनके परिवार का कोई सदस्य सत्ता में नजर नहीं आएगा। इसकी बड़ी वजह यह थी कि नीतीश कुमार लंबे समय से परिवारवाद की राजनीति के विरोधी रहे हैं।

हालांकि, बदले राजनीतिक समीकरणों के बीच मई में सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल विस्तार के दौरान निशांत कुमार के मंत्री बनने के साथ ही बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा शुरू हो गई। उन्हें बिहार का नया स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने के बाद शुरुआत में सोशल मीडिया पर उन्हें लेकर काफी सवाल उठे।

पहले दिन के बयान पर भी हुए थे ट्रोल

मंत्री पद संभालने के शुरुआती दिनों में निशांत कुमार की बोलने की झिझक और पहनावे को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की टिप्पणियां की गईं। पदभार ग्रहण करने के पहले दिन जब उनसे स्वास्थ्य विभाग को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था, "मुझे अभी बहुत कुछ नहीं पता है, थोड़ा वक्त दीजिए, सब समझने दीजिए।"

उनके इस बयान को लेकर भी उन्हें सोशल मीडिया पर काफी ट्रोल किया गया। हालांकि, इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली को समझने और जमीनी स्थिति का जायजा लेने पर जोर दिया।

रात में अस्पतालों का औचक निरीक्षण

बीते कुछ समय में निशांत कुमार के काम करने के अंदाज की चर्चा बढ़ी है। वे देर रात अचानक अस्पतालों में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते नजर आए हैं। सीतामढ़ी सदर अस्पताल में रात के समय औचक निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्था को करीब से देखा।

पीएमसीएच जैसे बड़े अस्पतालों में भी वे वार्डों का निरीक्षण करते और मरीजों व उनके स्वजनों से सीधे बातचीत करते नजर आए। दवा उपलब्ध है या नहीं, डॉक्टर समय पर मौजूद हैं या नहीं और मरीजों को किस तरह की परेशानी हो रही है—इन मुद्दों पर वे सीधे लोगों से जानकारी लेते दिखाई दिए।

सोशल मीडिया पर भी बदला नजरिया

निशांत कुमार के कामकाज को लेकर सोशल मीडिया पर भी लोगों का नजरिया बदलने का दावा किया जा रहा है। शुरुआत में उनके पहनावे और बोलने के अंदाज को लेकर टिप्पणी करने वाले कुछ यूजर्स अब उनके काम करने के तरीके की तारीफ कर रहे हैं।

एक्स पर रंजन सिंह नाम के यूजर ने लिखा कि शुरुआत में निशांत कुमार ने खुद कहा था कि उन्हें अभी बहुत कुछ नहीं पता और उन्हें समझने का समय दिया जाए। उनके अनुसार, अब निशांत कुमार ने काफी कुछ समझ लिया है और उनके कामकाज में उसका असर दिखाई दे रहा है।

वहीं अंकित शर्मा नाम के यूजर ने लिखा कि शुरुआत में उनके मन में भी निशांत कुमार को लेकर नकारात्मक छवि थी, लेकिन लगातार किए जा रहे प्रयासों और काम के कारण उनकी धारणा बदल गई।

बलियान नाम के यूजर ने उनकी शुरुआती छवि और मौजूदा कामकाज की तुलना करते हुए लिखा कि किसी व्यक्ति को सिर्फ उसके बाहरी व्यक्तित्व या पहली मुलाकात के आधार पर आंकना सही नहीं है। उन्होंने निशांत कुमार की बॉडी लैंग्वेज की आलोचना के बावजूद उनके तर्क और आत्मविश्वास की तारीफ की।

शुरुआती धारणा से अलग दिखने की कोशिश

निशांत कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर बदली प्रतिक्रियाएं इस बात की ओर इशारा करती हैं कि किसी नए नेता या मंत्री के बारे में शुरुआती धारणा हमेशा अंतिम तस्वीर नहीं होती। अब उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती स्वास्थ्य विभाग की व्यवस्थाओं में लगातार सुधार करने और अस्पतालों में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।

आने वाले समय में उनके औचक निरीक्षण और जमीनी स्तर पर किए जा रहे काम का स्वास्थ्य व्यवस्था पर कितना असर पड़ता है, यह देखना महत्वपूर्ण होगा।