पति-पत्नी का झगड़ा छुड़ाना युवक को पड़ा महंगा, चाकू मारकर किया घायल
मधेपुरा: जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करना एक युवक को भारी पड़ गया। विवाद शांत कराने के कुछ घंटे बाद आरोपी ने रास्ते में रोककर युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, मधेपुरा रेफर किया गया।
घटना मुरलीगंज थाना क्षेत्र के मीरगंज वार्ड संख्या-10 स्थित पोखर टोला की है। घायल की पहचान रहिका वार्ड संख्या-13 निवासी प्रशांत कुमार यादव (30) के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार दिन में कुलदीप ऋषिदेव और उसकी पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। आसपास मौजूद लोगों के साथ प्रशांत कुमार ने भी दोनों को समझाकर मामला शांत कराया। इस दौरान उन्होंने जरूरत पड़ने पर डायल-112 पुलिस की मदद लेने की सलाह भी दी थी।
शाम को प्रशांत अपने साथी श्रवण कुमार के साथ बिजली का काम कर लौट रहे थे। आरोप है कि रास्ते में कुलदीप ऋषिदेव ने उनकी बाइक रुकवाई और तंज कसते हुए कहा, "112 को बुलाइएगा, बुलाओ।" इसके बाद उसने बेल्ट और चाकू से हमला कर दिया। चाकू का वार प्रशांत के सिर पर लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल को मुरलीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मुरलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के विवाद में बीच-बचाव करने को लेकर हमला किए जाने की बात सामने आई है। परिजनों से आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विवाद सुलझाने वालों पर ही हमला होने लगे, तो भविष्य में लोग किसी की मदद करने से भी कतराएंगे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।