Kosi Live-कोशी लाइव बिहार हवलदार अनुदेशक परीक्षा पेपर लीक मामले में 3 गिरफ्तार, EOU ने भेजा जेल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 1, 2026

बिहार हवलदार अनुदेशक परीक्षा पेपर लीक मामले में 3 गिरफ्तार, EOU ने भेजा जेल

बिहार हवलदार अनुदेशक परीक्षा पेपर लीक मामले में 3 गिरफ्तार, EOU ने भेजा जेल

पटना: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा आयोजित गृह रक्षा वाहिनी के हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपियों में पटना के बिक्रम निवासी राज समदर्शी उर्फ राजा (25), हाजीपुर निवासी अभिषेक कुमार (21) और वैशाली के नगर थाना क्षेत्र निवासी नितेश कुमार (28) शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी नितेश कुमार परीक्षा केंद्र पर बायोमीट्रिक सुपरवाइजर के रूप में तैनात था। आरोप है कि उसने परीक्षा के दौरान अपने मोबाइल से उत्तर तैयार कर राज समदर्शी तक पहुंचाए। 29 जुलाई को हाजीपुर के एक स्कूल के पास से राज समदर्शी को गिरफ्तार किया गया था।

पूछताछ के दौरान राज समदर्शी ने परीक्षा में अनुचित तरीके अपनाने की बात स्वीकार की और अपने साथी अभिषेक कुमार का नाम भी बताया। दोनों के मोबाइल फोन की गैलरी से कई अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड और उत्तर-पत्रों की तस्वीरें बरामद हुईं, जिन्हें परीक्षा के दौरान भेजा गया था।

पूछताछ में राज समदर्शी ने यह भी खुलासा किया कि उसने अप्रैल 2026 में आयोजित AEDO परीक्षा में भी धांधली की थी। उसने बताया कि हवलदार अनुदेशक परीक्षा में भी उसे सुपरवाइजर नितेश कुमार के माध्यम से उत्तर उपलब्ध कराए गए थे।

इस खुलासे के बाद EOU ने इन तीनों आरोपियों के अलावा चार अन्य नामजद लोगों के खिलाफ 30 जुलाई को नई प्राथमिकी दर्ज की है।

गौरतलब है कि बिहार पुलिस गृह रक्षा संवर्ग की हवलदार अनुदेशक भर्ती परीक्षा 29 जुलाई को राज्यभर में आयोजित हुई थी। मामले में हाजीपुर नगर थाना में केस दर्ज है। आर्थिक अपराध इकाई पूरे रैकेट की गहन जांच कर रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।