बेलदौर में पति की मौत के पांच घंटे बाद पत्नी ने भी तोड़ा दम, एक साथ उठी दोनों की अर्थी
बेलदौर (खगड़िया)। प्रखंड की महिनाथनगर पंचायत के गोंगी गांव में मंगलवार की रात बेहद मार्मिक घटना सामने आई। जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने वाले 85 वर्षीय मंगल यादव और उनकी 80 वर्षीय पत्नी बेदाना देवी ने मौत में भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ा। पति की मौत के महज पांच घंटे बाद पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। एक ही रात कुछ घंटे के अंतराल पर बुजुर्ग दंपती की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
सहरसा ले जाने के दौरान रास्ते में हुई पति की मौत
गोंगी गांव निवासी मंगल यादव की मंगलवार रात करीब आठ बजे अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए सहरसा ले जा रहे थे। इसी दौरान मनौरी चौक के समीप रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर वापस घर लौटे और अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
इसी बीच देर रात करीब एक बजे मंगल यादव की पत्नी बेदाना देवी की भी अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पति की मौत के महज पांच घंटे बाद पत्नी की मौत की खबर से ग्रामीण स्तब्ध रह गए।
मुंगेर गंगा घाट पर एक साथ हुआ अंतिम संस्कार
मृत दंपती के पुत्र मिथिलेश यादव ने बताया कि बुधवार देर शाम दोनों का अंतिम संस्कार मुंगेर स्थित गंगा घाट पर एक साथ किया गया। पति-पत्नी की एक साथ अर्थी उठने की खबर फैलते ही गोंगी गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचने लगे। ग्रामीणों ने दोनों के अंतिम दर्शन किए और शोक संतप्त परिजनों को सांत्वना दी।
जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर महिनाथनगर पंचायत के मुखिया दिनेश यादव, पूर्व मुखिया शिवशंकर यादव, राजद नेता पप्पू यादव, अंगद यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग गोंगी गांव पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाया।
बुजुर्ग दंपती की कुछ ही घंटों के अंतराल पर हुई मौत और फिर एक साथ अंतिम संस्कार की घटना ने पूरे गांव को भावुक कर दिया।