कमलपुर में चिन्हित 5 एकड़ जमीन पर जल्द बने डिग्री कॉलेज, ग्रामीणों ने सौंपा आवेदन
कोशी लाइव | घैलाढ़ से पप्पू मेहता की रिपोर्ट
घैलाढ़ (मधेपुरा)। घैलाढ़ प्रखंड के श्रीनगर पंचायत स्थित कमलपुर गांव में चिन्हित पांच एकड़ से अधिक सरकारी जमीन पर जल्द से जल्द डिग्री कॉलेज भवन निर्माण शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और जिला पदाधिकारी को अलग-अलग आवेदन सौंपा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले माह कमलपुर गांव में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए पांच एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को विभाग द्वारा चिन्हित किया गया था। जमीन चिन्हित किए जाने और प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजे जाने के बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में चिंता बढ़ रही है।
ग्रामीण विशेश्वर मेहता, सत्यनारायण मेहता, पूर्व उपमुखिया विद्यानंद यादव, वार्ड सदस्य योगेंद्र ठाकुर, किरण देवी, पप्पू मेहता, जवाहर यादव समेत दर्जनों लोगों ने आवेदन में बताया कि विभाग ने कमलपुर में जमीन चिन्हित कर कॉलेज निर्माण का प्रस्ताव पारित कर राज्य सरकार को भेज दिया है। इसके बावजूद भवन निर्माण की दिशा में अब तक ठोस पहल नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग चिन्हित स्थल से कॉलेज निर्माण को अन्यत्र ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा किया जाना क्षेत्र के हित में उचित नहीं होगा। ग्रामीणों के अनुसार कमलपुर में कॉलेज बनने से झिटकिया, परमानंदपुर, चित्ती, चिकनौटवां सहित सुपौल और सहरसा जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में काफी सुविधा होगी।
ग्रामीणों ने यह भी कहा कि प्रस्तावित स्थल के चारों तरफ आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध है। ऐसे में कॉलेज निर्माण के लिए इससे उपयुक्त स्थान दूसरा नहीं है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी स्थानीय विधायक चंद्रशेखर को भी दी है।
विधायक ने कहा- चिन्हित स्थल पर ही होगा निर्माण
इस संबंध में विधायक चंद्रशेखर ने बताया कि डिग्री कॉलेज भवन निर्माण के लिए विभाग द्वारा जिस स्थल को चिन्हित कर प्रस्ताव भेजा गया है, भवन निर्माण कार्य उसी स्थल पर कराया जाएगा। विधायक के इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई है।