निजी कॉलेज कैंपस से 24 कार्टन विदेशी शराब बरामद: पुलिस से बचने के लिए जर्जर भवन को बनाया था ठिकाना, तस्करों की तलाश
मुजफ्फरपुर। जिले में शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक निजी कॉलेज परिसर के जर्जर भवन से 24 कार्टन विदेशी शराब बरामद की है। शराब को पुलिस से बचाने के लिए कॉलेज कैंपस के पीछे स्थित जर्जर भवन में छिपाकर रखे जाने की आशंका है। कार्रवाई के दौरान शराब तस्कर मौके से फरार हो गए।
ब्रह्मपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि महेश भगत बनवारी लाल कॉलेज के परिसर में बने जर्जर भवन में शराब की खेप छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भवन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वहां से 24 कार्टन विदेशी शराब बरामद हुई। पुलिस ने सभी कार्टन जब्त कर थाने पहुंचाए।
पुलिस से बचने के लिए कॉलेज परिसर का इस्तेमाल
पुलिस को आशंका है कि शराब तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए कॉलेज परिसर के पीछे स्थित जर्जर भवन को सुरक्षित ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया था। हालांकि, शराब यहां कब लाई गई और इसे किसके निर्देश पर छिपाया गया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ब्रह्मपुरा थानेदार बिपीन रंजन ने बताया कि बरामद शराब किस धंधेबाज की है, इसका पता लगाया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि शराब की खेप कॉलेज परिसर तक कैसे पहुंची और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान भाग निकले शराब तस्कर
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नगर क्षेत्र-एक सुरेश कुमार ने बताया कि ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के महेश भगत बनवारी लाल कॉलेज परिसर के पीछे स्थित जर्जर भवन से शराब जब्त की गई है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान शराब के धंधे में शामिल लोग मौके से भागने में सफल रहे।
पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है और शराब तस्करों की पहचान में जुटी है। बरामद शराब को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि तस्करों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी।