Kosi Live-कोशी लाइव CRIME:मधेपुरा में युवक की हत्या का खुलासा: दोस्त घर से बुलाकर ले गया, चाकू से गोदकर नदी में फेंका शव; मुख्य आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, August 26, 2026

CRIME:मधेपुरा में युवक की हत्या का खुलासा: दोस्त घर से बुलाकर ले गया, चाकू से गोदकर नदी में फेंका शव; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मधेपुरा में युवक की हत्या का खुलासा: दोस्त घर से बुलाकर ले गया, चाकू से गोदकर नदी में फेंका शव; मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मधेपुरा। सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के करुआ नदी से बरामद युवक के शव मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक अंकुश कुमार के पिता प्रमोद मंडल उर्फ पिंटू के लिखित आवेदन पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने नामजद आरोपी गौरीपुर पंडा टोला निवासी बाबुल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, रविवार की शाम बाबुल कुमार अंकुश को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद अंकुश वापस घर नहीं लौटा। अगले दिन ग्रामीणों ने करुआ घाट के पास नदी में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचकर परिवार ने शव की पहचान अंकुश कुमार के रूप में की।

आरोपी के घर ले जाकर पिलाई गई चाय

मृतक के पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि रविवार शाम बाबुल उनके घर पहुंचा और अंकुश को अपने साथ चलने के लिए कहा। दोनों गौरीपुर पंडा टोला स्थित बाबुल के घर पहुंचे। वहां उसकी मां चंदा देवी ने अंकुश को चाय पिलाई। चाय पीने के बाद अंकुश संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया और देर रात तक घर नहीं लौटा।

सिर और गर्दन पर मिले गहरे जख्म

शव की स्थिति देखकर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मृतक के सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर धारदार या नुकीले हथियार से वार किए जाने के कई गहरे निशान मिले हैं। पिता का आरोप है कि बाबुल ने 5-6 अन्य अज्ञात लोगों के साथ मिलकर अंकुश की हत्या की और पहचान तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को करुआ नदी में फेंक दिया।

मोबाइल और चांदी की चेन भी गायब

परिजनों के अनुसार अंकुश का मोबाइल फोन और उसके गले में पहनी चांदी की चेन भी घटनास्थल से गायब मिली। इससे हत्या के पीछे लूटपाट की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि हत्या का वास्तविक कारण क्या था, इसका खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

CDR से खुलेगा हत्या का राज

सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि मामले में नामजद आरोपी बाबुल कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मृतक और आरोपियों के मोबाइल नंबरों का कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाल रही है। तकनीकी जांच के जरिए घटना के समय आरोपियों की लोकेशन, आपसी संपर्क और वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की पहचान और हत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए गहन जांच जारी है।