नरकटियागंज में फर्जी ट्रैकमैन बनकर रेलवे ट्रैक पर घूम रहे 2 युवक गिरफ्तार, 20 लाख की ठगी का खुलासा
नरकटियागंज। नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर मुसहरवा हाल्ट के पास रेलवे ट्रैक पर फर्जी ट्रैकमैन बनकर घूम रहे दो युवकों को रेल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से फर्जी रेलवे पहचान पत्र, हथौड़ा, लाल-हरा झंडा और बांस की पट्टियां बरामद की गई हैं। गिरफ्तार युवक महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। पूछताछ में सामने आया कि दोनों को रेलवे में ट्रैकमैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 10-10 लाख रुपये, यानी कुल 20 लाख रुपये ठगे गए थे।
ट्रैक पर संदिग्ध हालत में घूम रहे थे तीन युवक
आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 7:55 बजे पीडब्ल्यूआई बेतिया अवधेश कुमार को की-मैन शिवपूजन साह ने सूचना दी कि मुसहरवा हाल्ट के पास तीन संदिग्ध युवक रेलवे ट्रैक पर हथौड़ा, झंडा और बांस की पट्टियां लेकर घूम रहे हैं।
सूचना मिलते ही सउनि कमलेश सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही एक युवक भाग निकला, जबकि दो युवकों को करीब 8:40 बजे पकड़ लिया गया। गिरफ्तार दोनों युवकों को बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
फर्जी निकले मिनिस्ट्री ऑफ रेलवे के पहचान पत्र
गिरफ्तार युवकों की पहचान महाराष्ट्र निवासी कुणाल आनंद (21) और दिनेश बारकू धनगर (23) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से Ministry of Railway, Government of India के पहचान पत्र बरामद हुए।
पुलिस ने जब इन पहचान पत्रों का सत्यापन कराया तो दोनों फर्जी और कूटरचित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि रेलवे में ट्रैकमैन पद पर ऐसी कोई भर्ती हुई ही नहीं थी।
स्पोर्ट्स कोटा से नौकरी का दिया था झांसा
पूछताछ में दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि समस्तीपुर निवासी शैलेंद्र सिंह ने उन्हें स्पोर्ट्स कोटा के माध्यम से रेलवे में ट्रैकमैन की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बदले शैलेंद्र ने दोनों से 10-10 लाख रुपये लिए।
युवकों के मुताबिक, उन्हें कथित तौर पर ट्रेनिंग दी गई और इसके बाद नरकटियागंज भेजकर रेलवे ट्रैक का सर्वे करने को कहा गया। इसी दौरान वे मुसहरवा हाल्ट के पास ट्रैक पर हथौड़ा, झंडे और बांस की पट्टियां लेकर पहुंचे थे।
तीसरा युवक मौके से फरार
मामले में शामिल तीसरे युवक की पहचान आदित्य महादु पाटील के रूप में हुई है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही वह मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस कार्रवाई कर रही है।
फर्जी भर्ती गिरोह की जांच शुरू
मामले को लेकर रेल थाना नरकटियागंज में कांड संख्या 41/26 दर्ज किया गया है। पुलिस अब 20 लाख रुपये की ठगी के साथ-साथ फर्जी नियुक्ति पत्र और रेलवे पहचान पत्र तैयार करने वाले नेटवर्क की जांच कर रही है।
जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि इस फर्जी भर्ती गिरोह में शैलेंद्र सिंह और फरार युवक के अलावा और कितने लोग शामिल हैं तथा क्या अन्य युवकों से भी रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर इसी तरह ठगी की गई है।