खगड़िया में सिपाही की मौत, सम्मान के साथ अंतिम विदाई: मुंगेर पुलिस में थे तैनात; ड्यूटी के बाद बैरक में सोए, सुबह नहीं उठे
खगड़िया के पसराहा थाना क्षेत्र स्थित खड़ौआ गांव निवासी और मुंगेर जिला पुलिस बल में तैनात 2015 बैच के सिपाही रणवीर कुमार का गुरुवार रात निधन हो गया। ड्यूटी खत्म करने के बाद वह टीकारामपुर टीओपी स्थित बैरक में सोने गए थे। शुक्रवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर सहकर्मियों ने उन्हें जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।
इसके बाद स्थानीय चिकित्सक को बुलाया गया। जांच के बाद चिकित्सक ने रणवीर कुमार को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर हृदय गति रुकने की बात सामने आई है। हालांकि पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के कारण की औपचारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
टीकारामपुर टीओपी में थे तैनात
रणवीर कुमार खगड़िया के पसराहा थाना क्षेत्र के खड़ौआ गांव निवासी स्वर्गीय दशरथ सिंह के पुत्र थे। वह वर्ष 2015 बैच के सिपाही थे और वर्तमान में टीकारामपुर टीओपी में ड्यूटी कर रहे थे। सहकर्मियों के अनुसार, वह शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी थे।
घटना की सूचना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मुंगेर सदर अस्पताल भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। मुंगेर पुलिस मेंस एसोसिएशन के अध्यक्ष सिंकु कुमार सुमन, मंत्री अरुण कुमार पासवान समेत कई पुलिस अधिकारी और जवान पोस्टमार्टम के दौरान मौजूद रहे।
पैतृक गांव पहुंचा पार्थिव शरीर, नम आंखों से दी विदाई
शुक्रवार देर शाम रणवीर कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव खड़ौआ पहुंचा। शव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित उनके घर पहुंचे।
पुलिस जवानों ने उन्हें सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी। इस दौरान ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पुलिसकर्मियों और शुभचिंतकों ने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।
पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गए
रणवीर कुमार अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र, एक पुत्री और दो भाइयों विजय सिंह व शोभाकांत सिंह समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुंगेर पुलिस मेंस एसोसिएशन ने शोक जताते हुए कहा कि रणवीर कुमार के निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्मठ, ईमानदार और समर्पित जवान को खो दिया है। पंचायत समिति सदस्य रबिन्द्र कुमार ने भी उन्हें परिवार का होनहार और जिम्मेदार सदस्य बताया।
रणवीर कुमार के असमय निधन से खड़ौआ गांव समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीण उन्हें मिलनसार, शांत और कर्तव्यनिष्ठ पुलिसकर्मी के रूप में याद कर रहे हैं।