अररिया में उद्योग विभाग का महाप्रबंधक 50 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार, 17 लाख की मशीन पर मांगा था 85 हजार कमीशन
अररिया में निगरानी विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उद्योग विभाग के महाप्रबंधक अनिल कुमार मंडल को 50 हजार रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। निगरानी टीम ने यह कार्रवाई अररिया स्थित उनके किराए के आवास पर की। गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी से पूछताछ की जा रही है।
निगरानी विभाग के डीएसपी सतीश चंद्र माधव के अनुसार, मशीन सप्लायर कमरे आलम ने महाप्रबंधक के खिलाफ रिश्वत मांगने की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि मशीनों की आपूर्ति के बदले महाप्रबंधक कमीशन की मांग कर रहे हैं।
17 लाख की मशीन पर 5% कमीशन की मांग
शिकायतकर्ता के मुताबिक, विभिन्न लोगों को करीब 17 लाख रुपए की मशीनों की आपूर्ति की गई थी। इसके एवज में महाप्रबंधक ने 5 प्रतिशत की दर से करीब 85 हजार रुपए कमीशन की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने आरोपों का सत्यापन कराया। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण कानून के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपी अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए धावा दल का गठन किया गया।
किराए के मकान में पहुंची निगरानी टीम
डीएसपी सतीश चंद्र माधव के नेतृत्व में गठित धावा दल ने अररिया स्थित महाप्रबंधक के किराए के मकान पर कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अलमारी से 50 हजार रुपए की रिश्वत की राशि बरामद की गई। इसके बाद अनिल कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।
निगरानी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आरोपी महाप्रबंधक से पूछताछ की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। कार्रवाई की खबर फैलते ही उद्योग विभाग से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया।