पटना जिले के पालीगंज थाना पुलिस ने टावर से कॉपर तार चोरी मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया कॉपर तार, एक तार कटर, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 1,138 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि 30 जुलाई को पालीगंज थाना क्षेत्र के कुरकुरी गांव स्थित टावर विजन के एक मोबाइल टावर से कॉपर तार चोरी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़ रखा था। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार के रूप में हुई। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने जानीपुर थाना क्षेत्र के सौरमपुर गांव निवासी आदित्य कुमार और गर्दनीबाग थाना क्षेत्र निवासी आशीष कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने यह भी बताया कि वे पहले भी कई बार इसी टावर से कॉपर तार चोरी कर चुके हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है और वे पूर्व में भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चोरी का कॉपर तार, एक तार कटर, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और 1,138 रुपये नकद बरामद किया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल की जा रही है।