हेडलाइन:
घैलाढ़ के विद्यालय में शिक्षक अभिनंदन कुमार को भावभीनी विदाई, तिथि भोजन का भी हुआ आयोजन
सबहेड:
सेवानिवृत्ति पर शॉल और पाग देकर किया सम्मानित, छात्रों के लिए विशेष भोजन की व्यवस्था
कोशी लाइव/पप्पू मेहता की रिपोर्ट
मधेपुरा: घैलाढ़ प्रखंड के रतनपुरा पंचायत स्थित नव सृजित प्राथमिक विद्यालय, संगीतवा में शुक्रवार को सेवानिवृत्त शिक्षक अभिनंदन कुमार के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों और छात्रों ने उन्हें शॉल और पाग पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके लंबे और समर्पित शिक्षकीय जीवन की सराहना की।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए प्रखंड साधन सेवी नंदकिशोर कुमार ने कहा कि अभिनंदन कुमार का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय रहा। उन्होंने पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ छात्रों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य किया। वहीं प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार ने कहा कि उनके कार्यकाल और विद्यालय के प्रति समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा।
इस अवसर पर विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के लिए तिथि भोजन का भी आयोजन किया गया। प्रखंड साधन सेवी नंदकिशोर कुमार ने बताया कि तिथि भोजन, मध्यान भोजन योजना के निदेशक विनायक मिश्र की एक अभिनव पहल है। इसके तहत समाज के बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं ग्रामीण विशेष अवसरों पर विद्यालय के बच्चों के लिए मध्यान भोजन के नियमित मेनू से अलग विशेष भोजन की व्यवस्था करते हैं।
उन्होंने कहा कि तिथि भोजन केवल विशेष व्यंजन परोसने की परंपरा नहीं, बल्कि समाज और सरकारी विद्यालयों के बीच आत्मीय संबंध मजबूत करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीणों का विद्यालयों से जुड़ाव बढ़ता है, शिक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत होता है तथा भविष्य में नामांकन और छात्रों की उपस्थिति बढ़ाने में भी यह पहल सहायक साबित होगी।
समारोह में शिक्षक रवीशंकर कुमार, वेदप्रकाश कुमार, प्रकाश कुमार, रूपा कुमारी, माला कुमारी सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

