Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:2,100 लीटर महुआ शराब और 14 बाइक जब्त, पुलिस को देखते ही तस्कर फरार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 1, 2026

BIHAR NEWS:2,100 लीटर महुआ शराब और 14 बाइक जब्त, पुलिस को देखते ही तस्कर फरार

गया जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने शुक्रवार को अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2,100 लीटर देसी महुआ शराब और 14 बाइक जब्त की हैं। यह कार्रवाई हलमता गांव के पास गुप्त सूचना के आधार पर की गई। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही तस्कर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि झारखंड से शराब की बड़ी खेप लाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसआई सचिन कुमार, एएसआई अमरेंद्र कुमार और एएसआई मनोज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया।

छापेमारी के दौरान हलमता गांव के समीप पुलिस को देखकर तस्कर अपनी बाइक छोड़कर भाग निकला। तलाशी लेने पर झाड़ियों में छिपाकर रखी गई 14 बाइकों पर लदी कुल 2,100 लीटर देसी महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने सभी बाइक और शराब को जब्त कर थाना लाया।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि कुल 23 बाइकों के जरिए शराब की खेप लाई जा रही थी। ऐसे में अभी और बाइक बरामद होने की संभावना है। फरार तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। पिछले दस दिनों में फतेहपुर थाना पुलिस शराब तस्करी के मामलों में कुल 39 वाहनों को जब्त कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।