मुरलीगंज में कोडिनयुक्त कफ सिरप के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2900 बोतल बरामद; एक गिरफ्तार, कई आरोपी फरार
मुरलीगंज (मधेपुरा)। बिहार में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरलीगंज पुलिस ने शनिवार को कोडिनयुक्त कफ सिरप के खिलाफ दो अलग-अलग जगहों पर बड़ी कार्रवाई की। थानाध्यक्ष अकमल हुसैन के नेतृत्व में की गई छापेमारी में कुल 2900 पीस 100 एमएल की कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दूसरी छापेमारी में शामिल आरोपी पुलिस टीम को देखकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई बिहार पुलिस मुख्यालय और कोसी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर जिले में चलाए जा रहे नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ विशेष अभियान के तहत की गई।
गोसाई टोला में कार से 300 बोतल बरामद, एक गिरफ्तार
पहली कार्रवाई शनिवार की अहले सुबह मुरलीगंज नगर पंचायत क्षेत्र के गोसाई टोला वार्ड संख्या 6 में गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक ब्रेजा कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार से 100 एमएल की 300 पीस कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से कार सवार सोनू कुमार, पिता विद्यानंद यादव, निवासी करौती वार्ड संख्या 13, थाना उदाकिशुनगंज, जिला मधेपुरा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। पुलिस ने कफ सिरप की तस्करी में प्रयुक्त बताई जा रही कार को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में मुरलीगंज थाना कांड संख्या 559/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी 3 अक्टूबर 2026 को बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के तहत दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
गोदाम से 1620 और झाड़ी से 980 बोतल बरामद
दूसरी कार्रवाई मुरलीगंज थाना क्षेत्र के पड़वा वार्ड संख्या 6 में की गई। पुलिस ने शिवनंदन भगत के पटुआ रखने वाले गोदाम में छापेमारी की। तलाशी के दौरान आठ बोरा और एक कार्टन से 100 एमएल की कुल 1620 पीस कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने पड़वा वार्ड संख्या 1 में अमरजीत कुमार के घर के पीछे झाड़ी में भी छापेमारी की। यहां सात कार्टन से 980 पीस कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई।
पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही इस कार्रवाई में शामिल आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
कुल 2900 पीस कफ सिरप बरामद
दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर पुलिस ने कुल 2900 पीस 100 एमएल की कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की है। पुलिस ने एक कार और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। बरामद कफ सिरप को जांच के लिए आवश्यक प्रक्रिया में शामिल किया गया है।
पुलिस अवैध नेटवर्क की भी कर रही जांच
थानाध्यक्ष अकमल हुसैन ने बताया कि बड़ी मात्रा में कोडिनयुक्त कफ सिरप बरामद की गई है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में कफ सिरप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।
छापेमारी टीम में शामिल रहे पुलिसकर्मी
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक अकमल हुसैन, पुलिस अवर निरीक्षक प्रमोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक देवन शर्मा सहित मुरलीगंज थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और अवैध नशीली दवाओं के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।