Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में हाईवा के गुप्त तहखाने से 1631 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, October 3, 2026

बिहार में हाईवा के गुप्त तहखाने से 1631 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

बांका में हाईवा के गुप्त तहखाने से 1631 लीटर विदेशी शराब बरामद, चालक गिरफ्तार

बांका। जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र में मध्य निषेध विभाग की टीम ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शनिवार को विक्रमपुर मोड़ के पास टीम ने एक हाईवा को रोककर तलाशी ली। वाहन के डाला के नीचे बनाए गए गुप्त तहखाने से 1631.52 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान हाईवा चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया गया।

गुप्त सूचना पर टीम ने बिछाया जाल

मध्य निषेध विभाग को सूचना मिली थी कि एक हाईवा के जरिए विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना का सत्यापन करने के बाद इंस्पेक्टर पीयूष कुमार के नेतृत्व में टीम ने संदिग्ध वाहन की निगरानी शुरू की।

इसी दौरान टीम को विक्रमपुर मोड़ के पास संदिग्ध हाईवा दिखाई दिया। टीम ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ाकर मौके से भागने का प्रयास किया।

पीछा कर हाईवा को पकड़ा

चालक के भागने की कोशिश के बाद छापेमारी टीम ने हाईवा का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद वाहन की गहन तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान टीम को हाईवा के डाला के नीचे एक गुप्त तहखाना बना हुआ मिला।

गुप्त तहखाने को खोलकर जांच की गई तो उसमें विभिन्न ब्रांड की विदेशी शराब के 187 कार्टून रखे मिले। जांच के बाद शराब की कुल मात्रा 1631.52 लीटर बताई गई।

हाईवा और शराब जब्त, चालक गिरफ्तार

मध्य निषेध विभाग की टीम ने शराब की पूरी खेप के साथ हाईवा को जब्त कर लिया। वहीं चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

तस्करी के नेटवर्क की जांच शुरू

इंस्पेक्टर पीयूष कुमार के अनुसार, गिरफ्तार चालक से पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसकी डिलीवरी कहां होनी थी। इसके अलावा शराब तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।