मधेपुरा श्राद्धभोज गोलीकांड: दोनों गुटों ने चलाईं 25 राउंड गोलियां, 4 गिरफ्तार; पिस्टल-कारतूस बरामद
मधेपुरा के सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के बेहरारी वार्ड-2 में 1 अगस्त की रात श्राद्धभोज के दौरान हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में अब तक कुल 4 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस ने कुख्यात अपराधी संदीप कुमार उर्फ पहलवान की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
मामला आपसी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। श्राद्धभोज के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद बढ़ने के बाद दोनों ओर से करीब 25 राउंड फायरिंग हुई थी। गोलीबारी में रामु यादव (50) की मौत हो गई थी, जबकि मनखुश यादव घायल हुआ था।
दो और आरोपी गिरफ्तार
मधेपुरा एएसपी प्रवेंद्र भारती ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि मामले में पहले विवेक यादव और मनखुश यादव को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद जांच और गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर शंकरपुर थाना क्षेत्र के कबियाही वार्ड-11 निवासी संदीप कुमार उर्फ पहलवान और बेहरारी निवासी ब्रजेश कुमार उर्फ वजीर यादव को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, मनखुश यादव के फर्दबयान के आधार पर सिंहेश्वर थाने में एक अन्य मामला भी दर्ज किया गया। उसके बयान और जांच के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
भागने के दौरान मनखुश पर फायरिंग का आरोप
पुलिस के मुताबिक, मनखुश ने बताया कि वह 1 अगस्त की रात अमलेश कुमार के साथ बेहरारी में श्राद्धभोज में गया था। वहां संदीप पहलवान, ब्रजेश उर्फ वजीर, सोनू पहलवान और गौतम यादव भी मौजूद थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
आरोप है कि ब्रजेश उर्फ वजीर ने विवेक यादव पर गोली चलाई। मनखुश जब वहां से भागने लगा तो संदीप पहलवान ने पिस्टल से उस पर तीन-चार राउंड फायरिंग की। इनमें से एक गोली उसके बाएं पैर में लगी।
फायरिंग होते ही श्राद्धभोज में भगदड़ मच गई। घायल मनखुश को विवेक यादव और प्रिंस ने वहां से निकालकर बचाया। इसी गोलीबारी के दौरान रामु यादव को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
संदीप की निशानदेही पर पिस्टल और कारतूस बरामद
पुलिस ने संदीप कुमार उर्फ पहलवान से पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर शंकरपुर थाना क्षेत्र स्थित उसके गोहाल घर में छापेमारी की। यहां से घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
संदीप पर दर्ज हैं 12 आपराधिक मामले
एएसपी ने बताया कि संदीप कुमार उर्फ पहलवान का आपराधिक इतिहास लंबा है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट और एनडीपीएस एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। शंकरपुर, सिंहेश्वर और गम्हरिया थानों में उसके खिलाफ कुल 12 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, संदीप के खिलाफ पहले सीसीए-12 के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। वहीं ब्रजेश उर्फ वजीर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, पुलिसकर्मियों पर हमला, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई में सिंहेश्वर थानाध्यक्ष बिनोद कुमार सिंह, शंकरपुर थानाध्यक्ष राजीव कुमार, एसआई अंकिता कुमारी, रौशन कुमार, एएसआई उदय कुमार भानु, रविशंकर कुमार, रोशनी सिन्हा, मधेपुरा डीआईयू टीम, एसटीएफ और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।