Kosi Live-कोशी लाइव सहरसा में 57 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, August 13, 2026

सहरसा में 57 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध

सहरसा में 57 ग्राम स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार, एक विधि-विरुद्ध बालक भी निरुद्ध

सहरसा। सूखा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहरसा सदर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने पडुआहा गांव स्थित हनुमान मंदिर के समीप कार्रवाई करते हुए 57 ग्राम स्मैक बरामद किया है। मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक को निरुद्ध किया गया।

पुलिस के अनुसार, कोसी क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सूखा नशामुक्ति अभियान के तहत सहरसा पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में लगातार सघन छापामारी एवं जांच अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के क्रम में 13 अगस्त 2026 को सदर थाना क्षेत्र के पडुआहा गांव में हनुमान मंदिर के समीप पुलिस टीम ने दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों के पास से पारदर्शी प्लास्टिक के थैले में रखा कुल 57 ग्राम स्मैक (मादक पदार्थ) बरामद किया गया।

21 वर्षीय युवक गिरफ्तार

स्मैक बरामद होने के बाद पुलिस ने शिवा यादव (लगभग 21 वर्ष) को विधिवत गिरफ्तार कर लिया। वह डुमरेल, वार्ड नंबर-21, सदर थाना क्षेत्र, सहरसा का रहने वाला बताया गया है। उसके साथ मौजूद एक विधि-विरुद्ध बालक को भी पुलिस ने निरुद्ध किया है।

पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ को जब्त करते हुए दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस मामले में सहरसा सदर थाना कांड संख्या 977/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(बी) के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे आगे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था।

छापामारी टीम में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में पुलिस निरीक्षक सह सदर थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान तथा टीओपी-02 के प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक राघवेन्द्र कुमार शामिल रहे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का लक्ष्य मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री से जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई कर युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना है।