सहरसा में 8 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, 15 वर्षीय किशोर निरुद्ध; तीन दिन बाद दर्ज हुई FIR
सिमरी बख्तियारपुर (सहरसा)। सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में 8 साल की बच्ची के साथ 15 वर्षीय किशोर द्वारा दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के समय बच्ची घर में अकेली थी। आरोप है कि किशोर बच्ची को खाने-पीने की चीजों का लालच देकर गांव के बाहर सुनसान स्थान पर ले गया और वहां उसके साथ यौन अपराध किया।
घटना के बाद बच्ची की हालत बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, बच्ची की मां जब घर लौटीं तो वह बेहोशी की हालत में मिली। इसके बाद उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। बाद में पुलिस ने बच्ची को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा।
9 अगस्त की घटना, तीन दिन बाद थाने पहुंचा परिवार
पीड़िता की मां के अनुसार, घटना 9 अगस्त की दोपहर की है। उनके पति राजस्थान में काम करते हैं। घटना के समय वह मवेशियों के लिए चारा काटने खेत गई थीं। घर में उनकी 8 वर्षीय बेटी और दो छोटे बेटे थे।
इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले 15 वर्षीय किशोर ने बच्ची को खाने-पीने की चीजें देने का लालच दिया और उसे अपने साथ सुनसान स्थान पर ले गया। वहीं बच्ची के साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।
घटना के दौरान बच्ची के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के पहुंचने की बात भी सामने आई है। इस दौरान बच्ची को चोट लगने की बात परिजनों ने कही है।
पंचायत में तीन दिन तक चली सुनवाई
पीड़िता की मां का आरोप है कि घटना के बाद गांव में पंचायत बुलाई गई और मामले को लेकर करीब तीन दिनों तक बातचीत व सुनवाई होती रही। परिवार को कोई न्याय नहीं मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत करने का फैसला लिया।
परिजनों का आरोप है कि आरोपित पक्ष की ओर से मामले को दबाने का प्रयास किया गया और मुकदमा दर्ज नहीं कराने के लिए दबाव एवं धमकी दी गई।
पति के लौटने के बाद थाने पहुंचा परिवार
पीड़िता की मां ने बताया कि घटना के समय घर में कोई पुरुष सदस्य नहीं था, जिसके कारण वह तत्काल थाने नहीं जा सकीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में भी कुछ लोगों ने उन्हें पुलिस और अस्पताल जाने से रोकने का प्रयास किया।
परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि उन पर सादे कागज पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया गया तथा उनके पति की मोटरसाइकिल रखने की बात कही गई। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने नाबालिग आरोपी को निरुद्ध किया
मामले की शिकायत मिलने के बाद सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर 15 वर्षीय आरोपी को निरुद्ध कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी का भी मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।
सिमरी बख्तियारपुर थानाध्यक्ष जयशंकर कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नाबालिग आरोपी को निरुद्ध किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही, परिवार द्वारा लगाए गए दबाव और धमकी के आरोपों की भी जांच की जाएगी।