Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR NEWS:12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए मुखिया जी, मनरेगा भुगतान के बदले मांग रहे थे कमीशन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 1, 2026

BIHAR NEWS:12 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए मुखिया जी, मनरेगा भुगतान के बदले मांग रहे थे कमीशन

मनरेगा भुगतान में रिश्वत लेते मुखिया गिरफ्तार, निगरानी ब्यूरो ने 12 हजार रुपये के साथ दबोचा

जहानाबाद: भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने शनिवार को जहानाबाद जिले के रतनी फरीदपुर प्रखंड की पंडौल पंचायत के मुखिया नंदकिशोर राम को 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार, पोखमा निवासी प्रमोद कुमार ने आरोप लगाया था कि मनरेगा के तहत कराए गए कार्य का भुगतान कराने के बदले मुखिया 12 हजार रुपये कमीशन की मांग कर रहे थे। लगातार रिश्वत की मांग से परेशान होकर उन्होंने 23 जुलाई को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, पटना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद निगरानी टीम ने 24 और 25 जुलाई को मामले का सत्यापन किया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर विशेष टीम गठित कर ट्रैप की योजना बनाई गई।

शनिवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत रतनी के नेहालपुर मोड़ के पास जाल बिछाया गया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने मुखिया को 12 हजार रुपये दिए, निगरानी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी मुखिया को पूछताछ के लिए पटना ले जाया गया। इस कार्रवाई से जिले के पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रहा है।