मधेपुरा में युवक को घेरकर गोली मारी, 2 गिरफ्तार: बाइक से घर लौटते समय 4 अपराधियों ने किया हमला; मास्केट, कट्टा और 4 कारतूस बरामद
मधेपुरा। जिले के श्रीनगर थाना क्षेत्र में रविवार रात बाइक से घर लौट रहे एक युवक पर अपराधियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। बदमाशों ने युवक को घेरकर गोली चला दी। गोली उसके बाएं हाथ में लगी। घायल युवक की पहचान परमानंदपुर पंचायत के वार्ड-7 निवासी सिकंदर कुमार साह के रूप में हुई है।
गोली लगने के बाद सिकंदर के शोर मचाने पर हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीपुर भगवती वार्ड-13 निवासी पंचानंद उर्फ पांचो दास और अमित कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस ने पंचानंद के पास से एक मास्केट, एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
ननिहाल से बाइक से लौट रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, सिकंदर कुमार साह रविवार रात करीब 10:30 बजे बनमनखी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव स्थित अपने ननिहाल से बाइक से घर लौट रहे थे। वह जेबीसी नहर के तिनकोनमा फाटक के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया।
सिकंदर ने वहां से बाइक निकालकर भागने की कोशिश की, लेकिन अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। गोली उनके बाएं हाथ की बांह में जा लगी।
गोली लगने के बाद मचाया शोर
गोली लगने के बाद सिकंदर ने शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक ने किसी तरह घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजनों ने तत्काल श्रीनगर थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुमारखंड ले गई। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, पूर्णिया रेफर कर दिया।
तीन थानों की पुलिस ने की छापेमारी
घटना को गंभीरता से लेते हुए श्रीनगर, कुमारखंड और भतनी थाने की पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने पंचानंद उर्फ पांचो दास को उसके बड़े भाई के घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उसके साथी अमित कुमार को भी दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है। पुलिस गोलीबारी के पीछे के कारणों का भी पता लगा रही है।