चौसा में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम: 2 देसी कट्टा और 25 कारतूस के साथ 5 गिरफ्तार, कार के डैशबोर्ड में छिपाए थे हथियार
नौगछिया से चौसा की ओर आ रहे थे आरोपी, बाबा विशु कॉलेज के पास पुलिस ने रोका; 14 हजार नकद और 6 मोबाइल भी बरामद
मधेपुरा/उदाकिशुनगंज। मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल अंतर्गत चौसा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टा, 25 जिंदा कारतूस, 14 हजार रुपए नकद, छह मोबाइल फोन और एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पांचों आरोपी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि सिंह, सन्नी कुमार उर्फ सन्नी सिंह, मनीष कुमार गुप्ता, कुमार मनीष और पंकज मुनी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में भागलपुर, कटिहार और मधेपुरा जिले के रहने वाले लोग शामिल हैं।
गुप्त सूचना पर पुलिस और एसटीएफ ने शुरू की वाहन जांच
प्रभारी एसडीपीओ आशीष राज ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को समकालीन अभियान के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक हथियार और जिंदा कारतूस लेकर नौगछिया की ओर से चौसा की तरफ आ रहे हैं। सूचना थी कि आरोपी भटगामा पहुंचकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद चौसा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एसटीएफ टीम, थाना पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल को कार्रवाई के लिए लगाया गया। पुलिस टीम ने बाबा विशु कॉलेज के समीप वाहन जांच अभियान शुरू किया।
तेज रफ्तार रेनॉल्ट ट्राइबर को रोककर ली तलाशी
इसी दौरान भटगामा की ओर से तेज गति से आती हुई एक उजले रंग की रेनॉल्ट ट्राइबर कार पुलिस की नजर में आई। पुलिस टीम ने वाहन को रोक लिया। कार के अंदर पांच लोग सवार थे।
पुलिस ने सभी से पूछताछ करने के बाद उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान पंकज मुनी के पास से 14 हजार रुपए नकद और मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा अन्य आरोपियों के पास से भी मोबाइल फोन मिले। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई में कुल छह मोबाइल फोन बरामद किए गए।
डैशबोर्ड की एलईडी के पीछे छिपाए थे दो कट्टे
कार की तलाशी के दौरान पुलिस को संदेह हुआ कि वाहन के अंदर कुछ सामान छिपाया गया है। इसके बाद कार के स्टेयरिंग के बाईं तरफ डैशबोर्ड में लगे एलईडी डिस्प्ले की जांच की गई।
एलईडी को हटाकर तलाशी लेने पर उसके पीछे कपड़े में लपेटकर छिपाए गए दो देसी कट्टा और 25 जिंदा कारतूस बरामद हुए। हथियार और गोलियां बरामद होते ही पुलिस ने कार को जब्त कर लिया और उसमें सवार पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पंकज मुनी पर 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पंकज मुनी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ पहले से 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। इन मामलों में हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत अन्य गंभीर अपराध शामिल बताए गए हैं।
वहीं, पुलिस रवि सिंह समेत अन्य गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास को भी खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं और वे इससे पहले किन-किन आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।
किस वारदात की तैयारी थी, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने बरामद दो देसी कट्टा, 25 जिंदा कारतूस, 14 हजार रुपए नकद, छह मोबाइल फोन और रेनॉल्ट ट्राइबर कार को जब्त कर लिया है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वे किस बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। साथ ही हथियार और कारतूस कहां से लाए गए थे, इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और आरोपियों का किसी संगठित अपराध गिरोह से संबंध है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से चौसा थाना क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक घटना को समय रहते रोकने में सफलता मिली है।