आलमनगर में स्कूल बस ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत: स्पीड ब्रेकर पर धीमी की थी बाइक; हादसे के बाद बस छोड़कर चालक फरार
आलमनगर (मधेपुरा)। मधेपुरा जिले के आलमनगर नगर पंचायत क्षेत्र के सोनामुखी चौक पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार स्कूल बस की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक बाइक से जा रहा था। बताया जा रहा है कि स्पीड ब्रेकर के पास उसने बाइक की रफ्तार कम की, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक बस के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान इटहरी पंचायत के भ्रमपुर टोला, वार्ड संख्या-7 निवासी सुनील मंडल के 19 वर्षीय पुत्र झाबो मंडल के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्पीड ब्रेकर के पास धीमी हुई बाइक, पीछे से आई बस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:15 बजे हुआ। झाबो मंडल अपनी मोटरसाइकिल से सोनामुखी चौक की ओर से गुजर रहा था। चौक के पास स्पीड ब्रेकर होने के कारण उसने बाइक की गति कम की।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कृष्णा बोर्डिंग स्कूल की खाली बस ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के निचले हिस्से में फंस गई और युवक बस की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते लोगों का आक्रोश बढ़ गया।
आक्रोशित लोगों ने बस में की तोड़फोड़, सड़क जाम
हादसे से नाराज ग्रामीणों ने स्कूल बस में तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद लोगों ने मृतक के शव और दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क पर रखकर सोनामुखी चौक पर जाम लगा दिया। प्रदर्शन के कारण आलमनगर-मधेपुरा मुख्य मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही आलमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया और दोषी चालक के खिलाफ कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक की लापरवाही की भी जांच कर रही है।