Kosi Live-कोशी लाइव पूर्णिया में 1.340 किलो स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, टेंपो-बाइक जब्त - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, August 1, 2026

पूर्णिया में 1.340 किलो स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, टेंपो-बाइक जब्त

पूर्णिया में 1.340 किलो स्मैक के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, टेंपो-बाइक जब्त

पूर्णिया: नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पूर्णिया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बायसी थाना क्षेत्र से 1.340 किलोग्राम स्मैक बरामद की है। कार्रवाई के दौरान तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक टेंपो, एक मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बायसी थाना के अपर थानाध्यक्ष उत्तम कुमार को गुप्त सूचना मिली कि दालकोला से एक टेंपो के माध्यम से भारी मात्रा में स्मैक लाई जा रही है। सूचना के बाद एसएसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बायसी जितेंद्र पांडेय के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

वाहन जांच के दौरान बायसी थाना क्षेत्र में BR11PD-3782 नंबर के टेंपो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में 1.340 किलोग्राम स्मैक बरामद हुई। मौके से आफताब आलम (55) और फिरोज अंसारी (40) को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान WB59E-3068 नंबर की पल्सर मोटरसाइकिल से लाइनर की भूमिका निभा रहे दानीश आलम (20) को भी गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दालकोला क्षेत्र के रहने वाले हैं।

बरामदगी में शामिल हैं:

  • 1.340 किलोग्राम स्मैक
  • एक टेंपो
  • एक मोटरसाइकिल
  • तीन मोबाइल फोन

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस तस्करी नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।