गुलाबबाग टीओपी पुलिस की टीम जब क्षेत्र में गश्ती और सघन वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी, उसी दौरान एक संदेहास्पद व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध लॉटरी टिकट बरामद किए गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के वीरपुर निवासी 29 वर्षीय कृष्ण नंदन रजक के रूप में हुई है। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि अवैध लॉटरी की यह बड़ी खेप पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से मंगवाई गई थी।
आरोपी इस अवैध लॉटरी को पूर्णिया शहर और आसपास के इलाकों में रिटेल काउंटरों और स्थानीय विक्रेताओं के माध्यम से बेचने की फिराक में था।
मोबाइल चैट की हो रही जांच
पुलिस के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क के पीछे कई मुख्य सरगना और अन्य शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी के मोबाइल से मिले व्हाट्सएप चैट्स और कॉल डिटेल्स का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा रहा है, ताकि मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके। हाल ही में लाइन बाजार क्षेत्र और अन्य इलाकों में हुई लॉटरी बरामदगी के मामलों से भी इस सिंडिकेट के तारों को जोड़कर जांच की जा रही है। सदर एसडीपीओ 1 अभिनव परासर ने स्पष्ट कहा है कि शहर में आर्थिक अपराध और लॉटरी जैसे अवैध कारोबार को जड़ से समाप्त करने के लिए यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।