मधेपुरा में लड़की के लड़का बनने की अफवाह निकली फर्जी: भीड़ जुटने पर पुलिस ने बच्ची को थाने बुलाकर कराई जांच, मामला सामान्य मिला
सिंहेश्वर, मधेपुरा। सिंहेश्वर थाना क्षेत्र में 12 वर्षीय बच्ची के अचानक लड़की से लड़का बनने की अफवाह पिछले दो-तीन दिनों से तेजी से फैल रही थी। मामला इतना चर्चा में आ गया कि बच्ची को देखने के लिए उसके घर के आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले में हस्तक्षेप किया और बच्ची को थाने लाकर आवश्यक जांच कराई। जांच में अफवाह की पुष्टि नहीं हुई।
सिंहेश्वर थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि बुढ़ावे वार्ड नंबर-13 निवासी बसंती ऋषिदेव और यशोदा देवी की 12 वर्षीय बेटी के संबंध में क्षेत्र में यह बात फैलाई जा रही है कि वह अचानक लड़की से लड़का बन गई है।
30 जुलाई से फैल रही थी अफवाह
पुलिस के अनुसार, बच्ची के बारे में यह अफवाह 30 जुलाई से ही क्षेत्र में तेजी से फैल रही थी। देखते ही देखते बात आसपास के गांवों तक पहुंच गई और बच्ची को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंचने लगे।
इससे परिवार के लोग परेशान हो गए और इलाके में भी कौतूहल की स्थिति बन गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बच्ची को थाने बुलाया।
पुलिस जांच में नहीं मिला कोई तथ्य
थानाध्यक्ष ने बताया कि बच्ची को थाने लाकर आवश्यक जांच कराई गई। जांच के दौरान लड़की से लड़का बनने संबंधी कोई तथ्य सामने नहीं आया। पुलिस ने पूरे मामले को अफवाह और गलत सूचना पर आधारित पाया।
जांच के बाद पुलिस ने बच्ची को उसके स्वजन के साथ सुरक्षित घर भेज दिया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि के किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे फैलाएं।
अफवाह से परिवार को हो सकती है परेशानी
पुलिस ने कहा कि इस तरह की अफवाहों से संबंधित बच्ची और उसके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए किसी भी संवेदनशील मामले में बिना सत्यापन के जानकारी फैलाने से बचना चाहिए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामले की जांच के बाद स्थिति सामान्य पाई गई है और बच्ची अपने परिजनों के साथ सुरक्षित है।