कोशी डीआईजी का औचक निरीक्षण: सहरसा सदर थाना में एएसआई समेत तीन कर्मियों पर गिरी गाज, बिना वर्दी ड्यूटी करने पर निलंबित
सहरसा: कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) डॉ. कुमार आशीष के शुक्रवार को सहरसा सदर थाना के औचक निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी में लापरवाही और अनुशासनहीनता पाए जाने पर एक सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) और दो चौकीदारों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। डीआईजी की इस सख्त कार्रवाई के बाद पुलिस कर्मियों में सतर्कता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान सदर थाना में तैनात एएसआई अशोक कुमार आजाद, चौकीदार मोहम्मद अली खान और चौकीदार मनोज कुमार बिना वर्दी के सादे कपड़ों में थाना परिसर में ड्यूटी करते मिले। डीआईजी ने जब तीनों से बिना वर्दी ड्यूटी करने का कारण पूछा तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए डीआईजी ने मौके पर ही तीनों के निलंबन का आदेश दे दिया।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान निर्धारित वर्दी पहनना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि थाना आने वाले फरियादियों और आम नागरिकों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक और शालीन व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों का त्वरित और निष्पक्ष निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के बाद डीआईजी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), यातायात डीएसपी और सदर थानाध्यक्ष के साथ बैठक कर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में कचहरी ढाला, थाना चौक, सुपर मार्केट बस स्टैंड, शंकर चौक, चांदनी चौक, गांधी चौक, गंगजला चौक, कोशी चौक और पंचवटी चौक जैसे प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
डीआईजी ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क पर अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ बिहार पुलिस हस्तक नियम-34 के तहत सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया। उन्होंने आम नागरिकों से भी यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
डीआईजी की इस औचक कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे स्पष्ट संदेश गया है कि ड्यूटी में लापरवाही और नियमों की अनदेखी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।