गया में बेखौफ वाहन चोरों का कारनामा: स्विफ्ट डिजायर से आए बदमाश, घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो चुराकर फरार, CCTV में कैद हुई वारदात
गया: बिहार के गया जिले में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। इस बार चोरों ने किसी बाइक या छोटी गाड़ी को नहीं, बल्कि घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो को अपना निशाना बनाया। हैरानी की बात यह रही कि बदमाश खुद एक स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे, पहले इलाके की रेकी की और फिर कुछ ही मिनटों में स्कॉर्पियो लेकर फरार हो गए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
यह घटना गया शहर के डेल्हा थाना क्षेत्र स्थित डेल्हा बस स्टैंड के समीप की है। जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाश एक स्विफ्ट डिजायर कार से पहुंचे। उन्होंने पहले आसपास का जायजा लिया और मौका मिलते ही घर के नीचे खड़ी स्कॉर्पियो को लेकर आराम से फरार हो गए। चोरी की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें आरोपियों का चेहरा और स्विफ्ट डिजायर का नंबर भी स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
चोरी के बाद बदमाश स्कॉर्पियो लेकर गया–पटना मार्ग की ओर निकल गए। जांच के दौरान जहानाबाद टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज में भी स्विफ्ट डिजायर और चोरी की गई स्कॉर्पियो एक साथ गुजरते हुए दिखाई दी। पुलिस का मानना है कि यह फुटेज वाहन चोर गिरोह तक पहुंचने में अहम सुराग साबित हो सकता है।
स्कॉर्पियो के मालिक आनंद कुमार ने डेल्हा थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि वाहन इंद्रजीत उर्फ फंतुस कुमार के घर के नीचे खड़ा था, जहां से देर रात चोर उसे लेकर फरार हो गए।
पुलिस के हाथ सीसीटीवी फुटेज और संदिग्ध वाहन का नंबर लग चुका है। अब इन्हीं सुरागों के आधार पर बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। फिलहाल डेल्हा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जल्द ही वाहन चोर गिरोह का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।