Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:गोलीकांड का खुलासा: जमीन विवाद में चली थीं गोलियां, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, July 10, 2026

SAHARSA:गोलीकांड का खुलासा: जमीन विवाद में चली थीं गोलियां, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

सहरसा के गौसपुर गोलीकांड का खुलासा: जमीन विवाद में चली थीं गोलियां, दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

सलखुआ (सहरसा): सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के गौसपुर गांव में हुए चर्चित गोलीकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में गोलीबारी की वजह जमीन विवाद सामने आई है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

सलखुआ थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मुकेश कुमार ठाकुर ने पुलिस इंस्पेक्टर निवास कुमार के साथ बताया कि गुरुवार को गौसपुर गांव में एसएच-95 के किनारे अंधाधुंध फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष जितेंद्र ठाकुर, अपर थानाध्यक्ष बबलू कुमार यादव, अनुसंधानकर्ता पीएसआई दीपक कुमार राम समेत अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के दो आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने हंसराज यादव को खैरा थाना क्षेत्र के सौरबाजार स्थित उसके घर से, जबकि वंशराज यादव को सदर थाना क्षेत्र के सुखासन स्थित उसके ननिहाल से गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।

पुलिस के अनुसार, गौसपुर गांव में एसएच-95 के किनारे स्थित एक मछली आढ़त के पास एक पक्ष द्वारा घर का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान दो बाइक पर सवार करीब पांच हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

इस घटना में राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके गर्दन में गोली लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।