मधेपुरा में दुकान का ताला तोड़कर चोरी कर रहा आरोपी रंगेहाथ गिरफ्तार, हेयर स्प्रे और पान मसाला बरामद
कॉलेज चौक के पास देर रात वारदात को दे रहा था अंजाम; पुलिस को देखकर बोरे में सामान भरकर भागने लगा, घेराबंदी कर पकड़ा गया
मधेपुरा। शहर के कॉलेज चौक के पास रविवार देर रात दुकान का ताला तोड़कर चोरी कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पान एवं जनरल स्टोर से सामान चोरी कर बोरे में भर रहा था। इसी दौरान गश्ती कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। उसके पास से दुकान से चोरी किए गए हेयर स्प्रे, लोशन, बॉडी स्प्रे और पान मसाला समेत अन्य सामान बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहरसा जिले के पस्तपार थाना क्षेत्र के लहौना वार्ड-10 निवासी मो. कुर्बान (32) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ मधेपुरा और सहरसा समेत अन्य थानों में चोरी, चोरी का सामान रखने और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
गश्ती के दौरान ताला तोड़ते दिखा आरोपी
शहर में दुकानों और प्रतिष्ठानों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को रात्रि गश्ती तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का निर्देश दिया था। इसी निर्देश के तहत 11 अक्टूबर की मध्यरात्रि सदर थानाध्यक्ष के निर्देश पर पुलिस अवर निरीक्षक मोहन कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम शहर में गश्ती कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम कॉलेज चौक के पास पहुंची तो एक व्यक्ति पान एवं जनरल स्टोर का ताला तोड़कर दुकान से सामान निकालता दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने चोरी का सामान बोरे में भरा और वहां से भागने की कोशिश करने लगा।
घेराबंदी कर पुलिस ने पकड़ा
आरोपी को भागते देख गश्ती दल ने तत्काल घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी तलाशी ली गई तो उसके पास से दुकान से चोरी किया गया सामान बरामद हुआ। दुकानदार ने बरामद सामान की पहचान अपनी दुकान से चोरी हुए सामान के रूप में की। इसके बाद दुकानदार के लिखित आवेदन के आधार पर मधेपुरा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
हेयर स्प्रे, लोशन और 24 पैकेट पान मसाला-सुपारी बरामद
पुलिस ने आरोपी के पास से एक मेन्स हेयर स्प्रे, दो निविया ऑयल इन लोशन, एक कामसूत्र बॉडी स्प्रे, दो पैकेट मिठ्ठू स्वीट सुपारी, 10 पैकेट दीदार पान मसाला और चार पैकेट दीदार रॉयल पान मसाला बरामद किए।
बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
2016 से 2025 तक दर्ज हैं कई मामले
थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार ने बताया कि गिरफ्तार मो. कुर्बान के खिलाफ मधेपुरा और सहरसा जिले के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी का सामान रखने या खरीदने-बेचने और आर्म्स एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वर्ष 2016 से 2025 के बीच उसके खिलाफ कई मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास के आधार पर मामले की आगे जांच कर रही है।