पूर्णिया: जिले के लाइन बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी की कोशिश उस समय नाकाम हो गई, जब स्थानीय लोगों ने दो संदिग्ध युवकों को एक खड़ी बाइक का लॉक खोलने का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। लोगों ने दोनों को खदेड़कर दबोच लिया और सूचना देकर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक काफी देर से लाइन बाजार में घूम रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक को निशाना बनाया और उसका लॉक खोलने की कोशिश करने लगे। संदिग्ध गतिविधि पर लोगों की नजर पड़ते ही आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख दोनों भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा कर दोनों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों में एक की पहचान शिवम कुमार के रूप में हुई है, जबकि दूसरे की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। दोनों मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बिलौरी गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पकड़े जाने के बाद दोनों आरोपी एक-दूसरे पर आरोप मढ़ते रहे। एक युवक ने कहा कि उसे चोरी की योजना की कोई जानकारी नहीं थी और वह सिर्फ अपने साथी के साथ वहां आया था। वहीं दूसरे आरोपी ने दावा किया कि यह उसका पहली बार बाइक चोरी का प्रयास था और वह केवल लॉक खोलने की कोशिश कर रहा था।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों का भी जिक्र किया। स्थानीय लोगों का दावा है कि यह किसी संगठित बाइक चोर गिरोह का हिस्सा हो सकते हैं, जो लंबे समय से इलाके में इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि उनके साथ और कौन-कौन लोग इस गिरोह में शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।