वैशाली में महिला होमगार्ड के अपहरण और दुष्कर्म का आरोप: बेहोशी की हालत में मिली पीड़िता, पूर्व ट्रेनर पर केस दर्ज
वैशाली: बिहार के वैशाली जिले में एक महिला होमगार्ड के कथित अपहरण और दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला को बीच रास्ते से जबरन उठाकर एक घर में ले जाया गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। बाद में पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में बरामद कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
घटना गौरौल थाना क्षेत्र के एक गांव की बताई जा रही है। पीड़िता की छोटी बहन के अनुसार, दोनों बहनें शुक्रवार को साइकिल से बाजार गई थीं। खरीदारी के बाद घर लौटते समय दो युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोप है कि गांव के ही सुबोध पासवान और उसके साथी ने महिला के साथ जबरदस्ती की। विरोध करने पर बीच-बचाव करने पहुंचे एक ग्रामीण के साथ भी मारपीट की गई।
छोटी बहन का आरोप- जबरन घर ले जाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता की छोटी बहन का आरोप है कि आरोपी उसकी बहन को जबरन अपने घर ले गया और उसे कमरे से बाहर धक्का देकर निकाल दिया। किसी तरह वहां से निकलकर उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर परिवार ने डायल 112 पर पुलिस को फोन किया। पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को आरोपी के घर से बेहोशी की हालत में बरामद कर अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों का आरोप है कि इस घटना में सुबोध पासवान के भाई टुनटुन पासवान की भी भूमिका रही है।
पूर्व फिजिकल ट्रेनर पर ब्लैकमेल का आरोप
पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि जब उनकी बेटी पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी, तब सुबोध पासवान उसका फिजिकल ट्रेनर था। उसी दौरान उसने कथित रूप से महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे। नौकरी लगने के बाद वह उन तस्वीरों और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल कर शादी का दबाव बना रहा था। परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है।
चश्मदीद ने भी मारपीट का लगाया आरोप
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि उसने दोनों बहनों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की और वहां से चले जाने की धमकी दी।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने पीड़िता को अस्पताल में भर्ती कराकर उसका इलाज शुरू कराया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपों की जांच की जा रही है। साथ ही, मेडिकल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नोट: दुष्कर्म जैसे मामलों में आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होती है। इसलिए सभी आरोप फिलहाल पुलिस जांच के दायरे में हैं।