Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में दो चौकीदारों पर रिश्वतखोरी का केस दर्ज, नाम हटाने के बदले ₹32 हजार लेने का आरोप - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, July 12, 2026

बिहार में दो चौकीदारों पर रिश्वतखोरी का केस दर्ज, नाम हटाने के बदले ₹32 हजार लेने का आरोप

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण जिले के आदापुर थाना में तैनात दो चौकीदारों के खिलाफ रिश्वतखोरी, धमकी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपितों के विरुद्ध केस दर्ज कराया है। कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

आरोपी चौकीदारों की पहचान भरत कुमार पासवान (चौकीदार संख्या 1/9) और हरिशंकर कुमार उर्फ ललन पटेल (चौकीदार संख्या 1/12) के रूप में हुई है। मोतिहारी पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, एक शिकायतकर्ता ने आवेदन के साथ ऑडियो और वीडियो सहित इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रस्तुत किए थे, जिनकी जांच कराई गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि शराब से जुड़े एक मामले में शिकायतकर्ता का नाम हटाने के बदले दोनों चौकीदारों ने 32 हजार रुपये रिश्वत ली। इसके बाद एक अन्य मामले में 40 हजार रुपये की और मांग की गई। आरोप है कि रकम देने से इनकार करने पर दोनों ने शिकायतकर्ता को देसी कट्टा सटाकर धमकाया और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष पूजा कुमारी ने प्रस्तुत ऑडियो-वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विस्तृत जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर आदापुर थाना कांड संख्या 231/26 के तहत दोनों चौकीदारों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है। साथ ही आरोपितों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इस मामले पर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस विभाग में भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और गुंडागर्दी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आम लोगों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।