Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: DEO कार्यालय में व्यक्ति की संदिग्ध मौत: पत्नी के बकाया वेतन के लिए लगा रहे थे चक्कर, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 11, 2026

BIHAR: DEO कार्यालय में व्यक्ति की संदिग्ध मौत: पत्नी के बकाया वेतन के लिए लगा रहे थे चक्कर, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन

मोतिहारी DEO कार्यालय में व्यक्ति की संदिग्ध मौत: पत्नी के बकाया वेतन के लिए लगा रहे थे चक्कर, शव रखकर परिजनों का प्रदर्शन

मोतिहारी: पूर्वी चंपारण के मोतिहारी स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय परिसर में शनिवार को एक 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव को कार्यालय की सीढ़ियों के नीचे रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।

मृतक की पहचान अरविंद कुमार (50 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हरसिद्धि प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, गायघाट में कार्यरत शिक्षिका रश्मि स्वराज के पति थे।

पत्नी के बकाया वेतन के लिए लगा रहे थे कार्यालय के चक्कर

मृतक की पत्नी रश्मि स्वराज ने बताया कि उनकी नियुक्ति वर्ष 2021 में हुई थी, लेकिन उन्हें चार वर्षों तक वेतन नहीं मिला। लगातार प्रयास के बाद पिछले एक वर्ष से वेतन मिलना शुरू हुआ, हालांकि पूर्व का बकाया भुगतान अब भी लंबित है। इसी बकाया राशि के भुगतान की मांग को लेकर उनके पति अरविंद कुमार लगातार डीईओ कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे।

अचानक सीने में दर्द, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

शनिवार को अरविंद कुमार अपनी पत्नी को बाइक से डीईओ कार्यालय लेकर पहुंचे थे। पत्नी के अनुसार, उन्हें कार्यालय में बैठाने के बाद अरविंद बाहर चले गए। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वे जमीन पर गिर पड़े।

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद उन्होंने एम्बुलेंस बुलाने की गुहार लगाई, लेकिन समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि यदि तत्काल इलाज मिलता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी।

शव रखकर किया विरोध प्रदर्शन

घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को डीईओ कार्यालय परिसर में रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अरविंद कुमार अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।

डीईओ बोले- अस्पताल ले जाने की तैयारी थी

जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन गिरी ने बताया कि अरविंद कुमार अपनी पत्नी के साथ कार्यालय आए थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द हुआ। उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही उनकी मौत हो गई।

बकाया वेतन के संबंध में डीईओ ने कहा कि उनके संज्ञान में पिछले एक वर्ष से वेतन का भुगतान हो रहा है, जबकि पुराने बकाया की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि संबंधित दस्तावेज उपलब्ध होने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कर रही जांच

नगर थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिजनों से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने का आग्रह किया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों और अन्य पहलुओं पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।