हाजीपुर (वैशाली)। हाजीपुर सदर थाना की पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए चोरी की एक स्कार्पियो और उसमें लदी आठ बकरियों के साथ पटना जिले के चार शातिर संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
इस दौरान स्कार्पियो का चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकला।
सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि पुलिस देर रात गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक सफेद रंग की स्कार्पियो महुआ की तरफ से काफी तेज गति से आती दिखी। पुलिस ने रोकने का इशारा किया तो चालक ने गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी और रामाशीष चौक की तरफ भागने लगा।
संदेह होने पर पुलिस ने पीछा किया और एनएच 22 पर दिग्घी पूर्वी के पास चैला चौक के निकट ओवरटेक कर गाड़ी को रोका। पुलिस को देखते ही चालक गाड़ी से कूदकर भाग गया।
गाड़ी में बैठे चार लोगों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान पुलिस ने पाया कि स्कार्पियो के बीच और डिक्की वाले हिस्से में आठ बकरियों को क्रूरतापूर्वक बांधकर रखा गया था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि फरार चालक का नाम विशाल पासवान पिता गुल्लू पासवान, गांव सिमरीनगर, थाना रूपसपुर, पटना है। स्कार्पियो भी उसी की बताई जा रही है और उसके पास गाड़ी के कोई कागजात नहीं थे।
समस्तीपुर से की गईं थी चोरी
आरोपियों ने स्वीकार किया कि ये बकरियां ताजपुर रोड के ताजपुर, समस्तीपुर के आसपास के गांवों से चोरी की गई थीं। इन्हें पटना ले जाकर बेचने की योजना थी। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे इसी स्कार्पियो से महुआ, पातेपुर, ताजपुर और समस्तीपुर के ग्रामीण इलाकों में रात के समय बकरी चोरी करते हैं और फिर पटना में बेच देते हैं।
चोरी के दौरान ताजपुर के एक गांव में ग्रामीणों के जाग जाने के कारण भागते समय इन्हें चोटें भी आई हैं। पुलिस ने स्कार्पियो बीआर 1एएफ 7725 और आठ बकरियों को जब्त कर लिया है।
सभी चारों आरोपितों को थाने लाकर घटना की प्राथमिकी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फरार चालक विशाल पासवान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार किए गए आरोपित
- कन्हैया कुमार उर्फ कान्हा 27 वर्ष, पिता मोहन राम, मोहल्ला कन्हैया नगर वार्ड 12, थाना फुलवारी शरीफ, पटना।
- सन्नी कुमार, 24 वर्ष, पिता कृत प्रसाद उर्फ किरया नट, मोहल्ला जगजीवन नगर, सचिवालय थाना, पटना।
- गोपी नट, 30 वर्ष, पिता स्व. लाला नट, ग्राम गौरीचक, थाना गौरीचक, पटना।
- बुटन नट, 22 वर्ष, पिता फटू नट, ग्राम सिमरीनगर, थाना रूपसपुर, पटना।