Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, July 18, 2026

BIHAR:अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

बेगूसराय में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार

बेगूसराय: जिले के बलिया थाना क्षेत्र के बरबीघी गांव स्थित बहियार में शनिवार को एसटीएफ और बलिया थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया गया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री संचालक समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। मौके से बड़ी संख्या में तैयार और अर्धनिर्मित हथियार, हथियार बनाने के उपकरण तथा नकदी बरामद की गई।

डीएसपी सुबोध कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। सूचना के सत्यापन के बाद एसटीएफ और बलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बरबीघी बहियार में छापेमारी की और तीन आरोपियों को मौके से दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में बरबीघी निवासी बालेश्वर महतो (फैक्ट्री संचालक) तथा मुंगेर जिले के मोहम्मद अशीम उर्फ टारजन और मोहम्मद शमशार शामिल हैं, जो हथियार बनाने का काम कर रहे थे।

पुलिस ने मौके से दो निर्मित देसी पिस्तौल, चार अर्धनिर्मित पिस्तौल, दो देसी कट्टा, चार मैगजीन, एक देसी सिंगल गोली, दो देसी मशीन, ड्रिल मशीन, 12 रेती, तीन बोरिंग मशीन, दो हेक्सा ब्लेड सहित हथियार निर्माण में प्रयुक्त अन्य उपकरण और 46 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि तैयार हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।