हेडलाइन:
पटना में 1509 पुड़िया स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार, हेलमेट में छिपाकर ले जा रहा था 585 ग्राम नशीला पदार्थ
सबहेडिंग:
वाहन जांच के दौरान राजीव नगर थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 6.70 लाख रुपये की स्मैक, बाइक, मोबाइल और नकदी जब्त
खबर:
पटना के राजीव नगर थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 1509 पुड़िया स्मैक के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक का कुल वजन 585.37 ग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.70 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1,559 रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
डीएसपी विधि-व्यवस्था-2 कोमल मीणा ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे नेपाली नगर के पास वाहन जांच के दौरान एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के हेलमेट के अंदर छिपाई गई दो प्लास्टिक की थैलियों से कुल 1509 पुड़िया स्मैक बरामद हुई। इनमें एक थैली में 576 और दूसरी में 933 पुड़िया स्मैक रखी गई थी। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6.70 लाख रुपये है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बेहरा गांव निवासी 28 वर्षीय रवि कुमार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से बाइक, स्क्रीन टच मोबाइल फोन और नकदी भी बरामद की गई है।
इस मामले में राजीव नगर थाना कांड संख्या 453/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8(सी)/21(सी) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि स्मैक की खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जल्द ही पूरे तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।