गया: जिले के नीमचक बथानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो हथियार सप्लायरों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने सिमरौर गांव में छापेमारी कर आरोपियों के कब्जे से आठ देसी कट्टा, चार जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। कार्रवाई के दौरान दो नाबालिगों को भी पकड़ा गया, जिनके विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने सिमरौर गांव स्थित सनोवर खान के घर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान घर से बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद हुए। इसके बाद सनोवर खान और अल्तमस खान को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामला अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री से जुड़ा है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाए गए, इन्हें किसके लिए तैयार किया गया था और किन लोगों तक इनकी आपूर्ति की जानी थी। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में कई महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर आगे भी छापेमारी की जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि कुछ वर्ष पहले मुख्य आरोपी सनोवर खान के पिता मुमताज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सनोवर अवैध हथियारों के कारोबार से कब और किन परिस्थितियों में जुड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि वह ईद के अवसर पर गांव आया था। पुलिस इस दावे की भी सत्यता की जांच कर रही है।
डीएसपी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। वहीं, पकड़े गए दोनों नाबालिगों के विरुद्ध जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, तस्करी और सप्लाई करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।