नाथनगर (भागलपुर)। भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। यहाँ के प्रसिद्ध शाहपुर कालिका माता मंदिर को निशाना बनाते हुए अज्ञात शातिर चोरों ने एक बड़ी और भीषण चोरी की घटना को अंजाम दिया है।
चोरों ने मंदिर का ताला चटकाकर वहां स्थापित 11 किलो चांदी की ऐतिहासिक मां काली की प्रतिमा और भारी मात्रा में कीमती आभूषण साफ कर दिए।
गर्भगृह का ताला टूटा देख पुजारी के उड़े होश, सुबह 5:30 बजे खुला खौफनाक राज
इस भीषण चोरी की वारदात में चोरों ने 11 किलो की मूर्ति के साथ ही 5 किलो के दो मुकुट और 8 किलो के 11 पीस चांदी के झांप भी चुरा लिए। रोजाना की तरह जब मंदिर के मुख्य पुजारी सुबह करीब 5:30 बजे साफ-सफाई और पूजा के लिए पहुंचे, तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ पाया।
जैसे ही पुजारी गर्भगृह के भीतर दाखिल हुए, वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई और मां काली की मुख्य प्रतिमा गायब मिली।
बालकोनी के रास्ते मंदिर में घुसा चोर, बोरे में माल भरकर सीएनजी ऑटो से हुआ फरार
पुजारी की सूचना पर नाथनगर के प्रभारी थानाध्यक्ष मु. नईम पुलिस टीम, डीआईयू (DIU), डॉग स्क्वायड और एफएसएल (FSL) की फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। पुलिस जांच के दौरान मंदिर परिसर और आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को खंगाला गया, जिसमें एक संदिग्ध चोर की लाइव करतूत कैद मिली है।
फुटेज में साफ दिख रहा है कि रात 01:45 बजे एक चोर बालकनी के रास्ते अंदर घुसा और गर्भगृह का ताला तोड़कर आभूषण बोरे में भरकर ऑटो से भाग निकला।
दो साल पहले भी इसी मंदिर में हुई थी बड़ी चोरी, ग्रामीणों में पुलिस के खिलाफ भारी आक्रोश
घटना की खबर जंगल की आग की तरह फैलते ही सुबह से ही सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित श्रद्धालु और ग्रामीण मंदिर परिसर में जुटने लगे। राघोपुर पंचायत के मुखिया धारो राय और ग्रामीण अशोक कुमार सिंह ने बताया कि यह मंदिर पूरे इलाके की अगाध आस्था का मुख्य केंद्र है।
ग्रामीणों ने गुस्से में बताया कि ठीक दो साल पहले भी इसी मंदिर में ऐसी ही चोरी हुई थी, लेकिन पुलिस आज तक उन चोरों का पता नहीं लगा पाई है।
घटना की जानकारी मिली है,पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रही है। मंदिर में चोरी में जो भी अपराधी शामिल होंगे सभी को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
राकेश कुमार, डीएसपी टू