Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, July 13, 2026

SAHARSA:लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

सिमरी बख्तियारपुर में बड़ी कार्रवाई: लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

रिपोर्ट/सनातन कुमार/सहरसा। जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को मकदुमचक नहर के समीप संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए पकड़ा। पुलिस का दावा है कि युवक किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

एसडीपीओ मुकेश कुमार ठाकुर ने सोमवार को बख्तियारपुर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अवर निरीक्षक रामनाथ पासवान पुलिस बल के साथ नियमित गश्ती पर थे। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि मकदुमचक नहर के पास एक युवक अवैध हथियार लेकर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात की तैयारी में है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम दोपहर करीब 3:40 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही संदिग्ध युवक घबरा गया और नहर के रास्ते बगीचे की ओर भागने लगा। पुलिस जवानों ने तत्काल घेराबंदी कर पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया।

तलाशी में मिला लोडेड देशी कट्टा

पुलिस ने स्थानीय स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसकी जींस की पैंट की कमर में छिपाकर रखा गया एक लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ। कट्टे को अनलोड करने पर उसमें से एक जिंदा कारतूस भी मिला।

पूछताछ के दौरान युवक हथियार रखने से संबंधित कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। इसके बाद पुलिस ने हथियार और कारतूस को जब्त करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।

बरहकुरबा गांव का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार युवक की पहचान धीरज कुमार (18 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के बरहकुरबा गांव निवासी गोदो मुखिया का पुत्र बताया गया है।

आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने इस मामले में बख्तियारपुर थाना कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जिम्मेदारी महिला सब-इंस्पेक्टर ज्योति कुमारी को सौंपी गई है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध हथियार रखने वालों और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।